विधानसभा में इंदिरा गांधी को दादी कहने पर हुआ घमासान, सत्ता पक्ष और विपक्ष हुआ आमने-सामने 

राजस्थान विधानसभा में हुआ इंदिरा गांधी पर बवाल, दादी कहने पर भड़के अशोक गहलोत और सचिन पायलट 

ghelot pailot

 

राजस्थान विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच में लगातार तकरार जारी है। बजट सत्र के दौरान कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत के इंदिरा गांधी को दादी कहने पर एक नए विवाद ने जन्म ले लिया है। इंदिरा गांधी को दादी कहने पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने नाराजगी जताई है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आखिर प्रश्नकाल में मंत्री को अपने जवाब के अलावा ऐसी टिप्पणी करने की क्या आवश्यकता थी? वहीं सचिन पायलट ने कहा नाकामियों को छिपाने के लिए भाजपा इस प्रकार के हथकंडे अपनाती है। इस पूरे मामले में विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, उप नेता प्रतिपक्ष रामकेश मीणा समेत 6 विधायकों को बजट सत्र के लिए निलंबित किया गया है।

विधानसभा बजट सत्र के दौरान इंदिरा गांधी को दादी कहने पर हुई बहस
इस पूरे मामले पर नाराजगी जताते हुए अशोक गहलोत ने कहा पहले भाजपा सरकार के एक मंत्री द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी पर अमर्यादित टिप्पणी तथा इस पर माफी ना मांगने पर विरोध करने वाले कांग्रेस विधायकों को सदन से निलंबित करना, यह दिखाता है कि राजस्थान विधानसभा में भी लोकसभा तथा राज्यसभा जैसा तरीका अपनाया जा रहा है। जैसे वहां अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए सांसदों को सस्पेंड किया जाता है वैसे ही यहां किया गया है। अशोक गहलोत ने कहा आखिर प्रश्नकाल में मंत्री को अपने जवाब के अलावा ऐसी टिप्पणी करने की क्या आवश्यकता थी? देश के लिए जान देने वाली नेता पर ऐसी ओछी मानसिकता से की गईं टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गहलोत ने ऐसा लगता है कि पूरी सरकार ही तमाशा बन गई है। सरकार के पास एक साल का कोई काम गिनाने के लिए नहीं था इसलिए अभिभाषण पर इनकी असफलताएं उजागर करने वाला नेता प्रतिपक्ष का भाषण नहीं होने दिया। अब हमारे प्रदेशाध्यक्ष सहित दलित, पिछड़े, आदिवासी एवं अल्पसंख्यक वर्ग से आने वाले विधायकों को बजट सत्र से सस्पेंड कर दिया गया। कहीं ये बजट पर चर्चा से ध्यान भटकाने का ही तो प्रयास नहीं है?

अशोक गहलोत ने निशाना साधते हुए कहा पूरी सरकार ही तमाशा बन गई
अशोक गहलोत ने कहा ऐसा लगता है कि राजस्थान की भाजपा सरकार विधानसभा चलाना ही नहीं चाहती है इसलिए कभी उनके मंत्री दिवंगत प्रधानमंत्री पर तो कभी इनके विधायक दिवंगत मुख्यमंत्री पर अनर्गल टिप्पणी करते हैं। मंत्री अविनाश गहलोत द्वारा देश के लिए शहादत देने वाली इन्दिरा गांधी पर स्तरहीन टिप्पणी की है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। कुछ दिन पहले विधायक गोपाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवचरण माथुर पर,  किरोड़ी लाल मीणा और हरीश शर्मा का एनकाउंटर करने के प्रयास का आरोप लगाया जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह नहीं भूलना चाहिए कि माथुर एक स्वतंत्रता सेनानी भी रहे थे। गहलोत ने कहा यह सब भाजपा की स्तरहीन सोच का नतीजा है जो राज्य के विकास पर चर्चा नहीं करना चाहती।

पायलट ने कहा भाजपा के नेता लगातार देश-प्रदेश के महान नेताओं का कर रहे अपमान 
सचिन पायलट ने कहा सदन में राजस्थान सरकार के मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर जो टिप्पणी की है, उसकी मैं निंदा करता हूं। भाजपा के नेता लगातार देश-प्रदेश के महान नेताओं का अपमान कर रहे हैं। अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए भाजपा इस प्रकार के हथकंडे अपनाती रही है। पायलट ने कहा राज्य की भाजपा सरकार के मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी पर टिप्पणी की जिसकी निंदा करते हुए नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस के विधायकों ने आपत्ति जाहिर की। अब इस मामले के संदर्भ में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित 6 विधायकों को सस्पेंड कर दिया गया है। इससे स्पष्ट है कि भाजपा विधानसभा की कार्यवाही को चलने नहीं देना चाहती है और इस प्रकार की अनर्गल बयानबाजी लगातार की जा रही है। सचिन पायलट ने कहा इससे पहले भाजपा विधायक ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. शिवचरण माथुर पर भी अनर्गल बयानबाजी की थी। राज्य के विकास पर चर्चा नहीं की जा रही है बल्कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं पर टिप्पणी करके भाजपा अपना चेहरा जगजाहिर कर रही है। भाजपा को सदन में मंत्री द्वारा दी गई टिप्पणी पर खेद प्रकट कर, कार्यवाही से निकालना चाहिए और कांग्रेस विधायकों का निलंबन समाप्त करना चाहिए।