भजनलाल सरकार ने सत्ता में आने के बाद गहलोत राज में शुरू किए गए राजीव गांधी युवा मित्र कार्यक्रम को बंद कर दिया था। इस कार्यक्रम को बंद करने के बाद हजारों युवा बेरोजगार हो गए। युवाओं ने सरकार से लगातार योजना को फिर से शुरू करने की मांग की। लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। भजनलाल सरकार की ओर से अटल युवा प्रेरक योजना शुरू की गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भजनलाल सरकार से अटल युवा प्रोजेक्ट योजना में राजीव गांधी युवा मित्रों को शामिल करने की मांग की है। अशोक गहलोत ने मांग करते हुए कहा कि राजीव गांधी युवा मित्रों को अटल युवा प्रेरक योजना में शामिल किया जाए ताकि बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल सकें। वहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी इस योजना के समायोजन की मांग की है।
अशोक गहलोत ने की सरकार से समायोजन की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा की अटल युवा प्रेरकों में राजीव गांधी युवा मित्रों को भी सरकार शामिल करे। हमारी सरकार द्वारा राज्य सरकार की योजनाओं को प्रदेश के घर-घर तक पहुंचाने के लिए राजीव गांधी युवा मित्रों को इंटर्न के तौर पर लगाया था। इन युवा मित्रों ने अच्छा काम किया और योजनाओं के बारे में आमजन जागरुक हुआ। महंगाई राहत कैंपों में भी इनकी सेवाएं सराहनीय रहीं। भाजपा सरकार ने आते ही अकारण ही इनकी सेवाएं समाप्त कर दीं। हमारी सरकार ने राजीव गांधी के नाम से योजना बनाई थी जिस पर आपको आपत्ति थी। अब अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर राज्य सरकार अटल प्रेरकों की भर्ती कर रही है जिनका काम भी योजनाओं के प्रचार-प्रसार का रहेगा। हमें इस पर कोई ऐतराज नहीं है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को इन युवा मित्रों को राहत देते हुए इस प्रेरक भर्ती में इन युवा मित्रों को समायोजित करना चाहिए जिससे बेरोजगारी के इस भीषण दौर में इन युवाओं को राहत मिल सके।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने उठाई राजीव गांधी युवा मित्रों की आवाज
वहीं इसको लेकर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा राजीव गांधी युवा मित्रों द्वारा राज्य सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया गया था। इन युवाओं ने सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाया जो जनता के लिए बहुत उपयोगी साबित हुई और आमजन को योजनाओं से जुड़कर लाभ मिला था मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा अटल प्रेरकों के रूप में राज्य सरकार नई भर्ती कर रही है और मेरा मानना है की सरकार के प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अनुभव को प्राथमिकता के रूप में समायोजित कर अटल प्रेरकों के रूप में राजीव गांधी युवा मित्रो के अनुभव का भी उपयोग सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार में किया जाना चाहिए क्योंकी किसी भी सरकार के कार्यकाल में योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए युवाओं की भागीदारी आवश्यक है।