रतनगढ़ में मंत्री दिलावर का दौरा, अंबेडकर प्रतिमा का अनावरण

रतनगढ़ पहुंचे मंत्री मदन दिलावर, बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा का किया अनावरण, शिक्षा और संस्कारों पर दिया जोर

1015

शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर का रतनगढ़ दौरा, अंबेडकर प्रतिमा का किया अनावरण
चूरू : शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने रविवार को चूरू जिले के रतनगढ़ में आयोजित एक स्थानीय कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर सेवा संस्थान में आयोजित समारोह में बाबा साहब की प्रतिमा का अनावरण किया तथा संत सम्मेलन कार्यक्रम में भी शिरकत की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दिलावर ने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक न्याय का अद्वितीय उदाहरण है। उनके विचार आज भी समाज को समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें बाबा साहब के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।

मंत्री ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार और विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एक सशक्त और विकसित समाज के निर्माण के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण आधार है।

उन्होंने आगे कहा कि समाज को सुदृढ़, शिक्षित और संस्कारित बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। साथ ही उन्होंने नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि रामायण, गीता के श्लोक और हमारी सांस्कृतिक विरासत से प्रेरणा लेकर समाज में अच्छे संस्कार विकसित किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, संत समाज के सदस्य और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Golden Hind Desk