गोपाल खेमका भारतीय जनता पार्टी के नेता होने के साथ-साथ बिहार के एक बड़े उद्योगपति थे

बिहार के नामी बिजनेसमैन गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या, हमलावरों ने घात लगाकर दिया वारदात को अंजाम

Famous Bihar businessman Gopal Khemka was shot dead in the middle of the road in Patna

बिहार के गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक के पास अपराधियों ने शुक्रवार देर रात उद्योगपति गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी. गोपाल खेमका भारतीय जनता पार्टी के नेता होने के साथ-साथ बिहार के एक बड़े उद्योगपति थे.एमबीबीएस करने वाले गोपाल खेमका हेल्थकेयर के बिजनेस से जुड़े हुए थे और राजेंद्र नगर मगध अस्पताल के मालिक भी थे.इसके अलावा इनका पेट्रोल पंप का भी बिजनेस था.गोपाल खेमका बांकीपुर क्लब के पूर्व सचिव भी रह चुके थे और फिलहाल इसके सदस्य थे.सात साल पहले गोपाल खेमका के पुत्र गुंजन खेमका की हत्या भी इसी तरह से कर दी गई थी

हत्या के डेढ़ घंटे बाद पहुंची थाने की पुलिस, हंगामा

गोपाल खेमका शुक्रवार रात अपनी कार से रोजाना की तरह पटना क्लब से घर लौट रहे थे। जैसे ही होटल पनाश के पास स्थित अपार्टमेंट के गेट पर उतरे, तभी घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। इस घटना से इलाके में अफरातफरी का माहौल हो गया। यह घटना शुक्रवार देर रात साढ़े 11 बजे के आसपास की है। घटना के बाद परिजनों ने घायल अवस्था में उन्हें पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने गोपाल खेमका को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। गोपाल खेमका के छोटे भाई संतोष खेमका ने पुलिस पर बड़ी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के डेढ़ घंटे बाद गांधी मैदान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पटना की सिटी एसपी (मध्य) भी दो घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचीं। परिजनों ने बताया कि घटनास्थल पर कई खोखे गिरे पड़े थे, जिस पर पुलिसकर्मियों द्वारा ईंट और बांस-बल्ले से घेराबंदी की गई। 

बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद

गांधी मैदान थाना क्षेत्र में रामगुलाम चौक के पास खेमका की हत्या के बाद शहर में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था, जिसके बाद शनिवार सुबह उनका पार्थिव शरीर उनके आवास लाया गया. घटना के बाद मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया, अब तक की जांच में पुलिस को घटनास्थल से दो खाली कारतूस बरामद हुए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है.