भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर भाला फेंक इतिहास रच दिया है। उन्होंने पहले प्रयास में 88.44 मीटर स्कोर किया, जबकि दूसरा थ्रो अमान्य रहा। फिर नीरज ने तीसरे प्रयास में अपने करियर का बेस्ट थ्रो किया। इससे पहले उनका बेस्ट थ्रो 89.94 मीटर था, जो उन्होंने 2022 डायमंड लीग में हासिल किया था।
89.94 इससे पहले था नीरज का बेस्ट
तोक्यो ओलंपिक 2020 में नीरज चोपड़ा ने गोल्ड मेडल जीता था। उनके नाम वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल है। इसके बाद भी वह अपने करियर में 90 मीटर का थ्रो नहीं मार पाए थे। इससे पहले उनका बेस्ट प्रदर्शन 89.94 मीटर का था। 2022 में स्टॉकहोम में नीरज ने यह थ्रो किया था। पिछले साल लुसाने में भी वह 90 के करीब पहुंचे थे लेकिन 89.49 तक ही पहुंच पाए।
नीरज दोहा डायमंड लीग 2025 में दूसरे स्थान पर रहे
हालांकि, नीरज दोहा डायमंड लीग में दूसरे स्थान पर रहे। जर्मनी के जूलियन वेबर 91.06 मीटर के थ्रो के साथ पहले और ग्रेनेडा के पीटर्स एंडरसन 85.64 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वेबर ने अपने आखिरी प्रयास में 91.06 मीटर स्कोर किया। नीरज के अलावा, गुलवीर सिंह (13:24.32 मिनट) 5000 मीटर रेस में नौवें स्थान पर रहे। वहीं, पारुल चौधरी (9:13.39 मिनट) महिलाओं की 3000 मीटर स्टेपलचेज में छठे नंबर पर रहीं।
90 मीटर पार करने वाले तीसरे एथलीट
सबसे लंबा 98.48 मीटर का थ्रो करने का रिकॉर्ड जान जेलेजनी के नाम दर्ज है। एशियाई एथलीट में नीरज से पहले सिर्फ दो ही के नाम 90 से ज्यादा मीटर का थ्रो है। पाकिस्तान के अरशद नदीम के अलावा ताइवान के चेंग चाओ सुन यह कारनामा कर चुके हैं। अब इस लिस्ट में भारत का नीरज चोपड़ा का नाम जुड़ गया है। गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा की हाल ही में टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर नियुक्ति हुई है।