पीएम नरेंद्र मोदी का जम्मू कश्मीर दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (शुक्रवार) जम्मू कश्मीर का दौरा कर रहे हैं, जहां वे चिनाब ब्रिज और अंजी ब्रिज का उद्घाटन करेंगे. साथ ही दो वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे. चिनाब पुल, दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज, कश्मीर घाटी को पूरे भारत से हर मौसम में रेल संपर्क प्रदान करेगा और कटरा-श्रीनगर यात्रा का समय कम करेगा. पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद ये प्रधानमंत्री का कश्मीर का पहला दौरा होगा. यहां वह 46 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे.प्रधानमंत्री सुबह 11 बजे चिनाब ब्रिज का उद्घाटन करेंगे. यह पुल एफिल टावर से भी ऊंचा है और इसे भारत की इंजीनियरिंग ताकत का प्रतीक माना जा रहा है. इसे बनाने में करीब 1500 करोड़ की लागत आई है.
250 किमी की रफ्तार वाली हवाओं को झेल लेगा यह पुल
जम्मू स्टेशन पर चल रहे कामकाज की वजह से वंदे भारत ट्रेनें फिलहाल कटरा से श्रीनगर तक चलेंगी, लेकिन सितंबर 2025 से ये ट्रेनें जम्मू से श्रीनगर तक पूरे रूट पर संचालित होंगी। इस रेल परियोजना में चिनाब ब्रिज और अंजी ब्रिज शामिल हैं, जो मॉर्डन इंजीनियरिंग और डिजाइन के प्रतीक हैं। चिनाब ब्रिज दुनिया का सबसे ऊंचा रेल आर्च ब्रिज है, जो कि भूकंपीय क्षेत्र पांच में मौजूद है। यह ब्रिज दो पहाड़ों के बीच बना है, जहां तेज हवाओं की वजह से विंड टनल फिनोमेना देखा जाता है। इस चुनौती को ध्यान में रखते हुए, ब्रिज 260 किलोमीटर प्रति घंटा हवा की स्पीड झेल सके, इस तरह से डिजाइन किया गया है।
10 घंटे का सफर करीब 3 घंटे में पूरा होगा
आजादी के 77 साल बाद भी कश्मीर बर्फबारी के सीजन में देश के दूसरे हिस्सों से कट जाता है। नेशनल हाईवे-44 बंद होने से घाटी जाने का बंद हो जाता है। इसके अलावा भी सड़क के रास्ते जम्मू से कश्मीर जाने में 8 से 10 घंटे का समय लग जाता था। ट्रेन शुरू होने से यह सफर करीब तीन घंटे में पूरा हो जाएगा। करीब 43,780 करोड़ रुपए की लागत से बना 272 किमी लंबे USBRL प्रोजेक्ट में 36 सुरंगें (119 किमी तक फैली) और 943 पुल हैं। यह प्रोजेक्ट कश्मीर घाटी और देश के बाकी हिस्सों के बीच सभी मौसमों में रेलवे कनेक्टिविटी देगा।