संकल्प से सिद्धि के बाद अब भजनलाल सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय सम्बल पखवाड़ा चलाएगी

24 जून से शुरू होगा पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा

Bhajanlal Sharma, Chief Minister of Rajasthan.

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा- इसके लिए कार्य योजना बनाकर 24 जून से 9 जुलाई तक प्रदेश में पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय सम्बल पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसके तहत जरूरतमंद लोगों को महत्वपूर्ण विभागों की योजनाओं एवं आवश्यक कार्यों के माध्यम से लाभान्वित किया जाएगा। भजनलाल शर्मा ने कहा- पखवाड़े में राजस्व मामलों के तहत लंबित पत्थरगढ़ी, सीमा ज्ञान, नामांत्रण के मामलों का निस्तारण समेत अन्य कार्य किए जाएंगे। वहीं, ग्रामीण विकास विभाग की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना में बीपीएल परिवारों को विभिन्न लाभकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। साथ ही पंचायती राज विभाग की ओर से स्वामित्व पट्टों का वितरण एवं वर्षा जल संरक्षण हेतु जल ग्रहण संरचनाओं की मरम्मत संबंधी कार्य करवाए जाएंगे। 

 

पंचायत स्तर पर शिविर 

सीएम ने बताया कि पखवाड़े में प्रतिदिन पंचायत स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे. जिला कलेक्टर इन शिविरों के लिए नोडल अधिकारी लगाएं. मुख्यमंत्री ने पखवाड़े के संबंध में 20 जून को ग्रामसभा करने के निर्देश दिए. दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना में लक्षित परिवारों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने के लिए योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा. लम्बित पत्थरगढ़ी और सीमाज्ञान प्रकरणों का निस्तारण, स्वामित्व पट्टों का वितरण, मृदा नमूनों का संग्रहण एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा (एनएफएसए) के अंतर्गत लम्बित प्रकरणों का निस्तारण एवं नवीन पात्र परिवारों एवं सदस्यों की आधार सीडिंग के कार्य भी किए जाएंगे. 

वन स्टेट वन इलेक्शन 

 बता दें कि भजनलाल सरकार वन स्टेट वन इलेक्शन के तहत पंचायत और निकाय चुनाव की तैयारी कर रही है. इलेक्शन को लेकर बनी मंत्रिमंडल कमेटी का दावा है कि नवंबर तक सभी तैयारी कर ली जाएगी. उसके बाद निर्वाचन आयोग प्रदेश में एक साथ निकाय और पंचायत चुनाव करा सकता है. माना जा रहा है कि दिसंबर 2025 या जनवरी 2026 में पंचायत और निकाय के चुनाव होंगे. प्रदेश में भाजपा की कोशिश होगी कि इनमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के दम पर जीत हासिल की जाए. यह भजनलाल सरकार के 2 साल के कामकाज का भी रिपोर्ट कार्ड होगा.