अकरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा ने अपने देश के सर्वोच्चे पुरस्कार 'ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना' से सम्मानित किया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री को मिलने वाले अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों की संख्या 2 दर्जन से अधिक हो चुकी है। इस बड़े सम्मान से नवाजे जाने के बाद पीएम मोदी ने घाना का आभार व्यक्त करते हुए इसे देश के सवा सौ करोड़ वासियों को समर्पित किया है। इस दौरान भारत और घाना में द्विपक्षीय वार्ता के बाद 4 अहम समझौते पर हस्ताक्षर भी हुए।
घाना के राष्ट्रपति व उपराष्ट्रपति के साथ की द्विपक्षीय बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा और उपराष्ट्रपति प्रोफेसर नाना जेन ओपोकु-अग्येमांग के साथ बुधवार को राजधानी अकरा में प्रतिनिधिमंडल स्तर की एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक के बाद दोनों देशों ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को ‘व्यापक साझेदारी’ के स्तर तक विस्तार देने का निर्णय लिया। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा उनके पांच देशों के दौरे का पहला चरण है।
यह मेरे लिए गर्व की बात
घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा द्वारा सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किए जाने पर पीएम मोदी ने कहा, यह मेरे लिए गर्व की बात है। मोदी ने कहा कि भारत और घाना आतंकवाद को मानवता का दुश्मन मानते हैं। दोनों देश इसके खिलाफ मिलकर काम करेंगे। घाना में पीएम मोदी ने कहा कि यह युद्ध का समय नहीं है। बातचीत और कूटनीति के जरिए समस्याओं का हल होना चाहिए। दोनों देश संयुक्त राष्ट्र में सुधारों पर एकमत हैं। दोनों देशों ने पश्चिम एशिया और यूरोप में चल रहे संघर्ष पर चिंता जताई है।
व्यापार बढ़ाने पर है भारत का फोकस
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और घाना के बीच व्यापार 25 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा हो चुका है। अगले 5 साल में इसे दोगुना करने का टारगेट है। उन्होंने घाना घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा को भारत आने का न्योता दिया। मोदी ने कहा कि भारत, घाना को फिनटेक में सहयोग देगा। UPI के जरिए डिजिटल लेन-देन का अनुभव साझा करेगा। भारत, घाना के युवाओं के लिए ITEC और ICCR स्कॉलरशिप को दोगुना करेगा। फीड घाना प्रोग्राम में भी सहायता करेगा। भारत, घाना आर्मी को ट्रेनिंग देगा। समुद्री सुरक्षा, डिफेंस सप्लाई और साइबर सिक्योरिटी में मिलकर काम करेगा। भारत, घाना को सस्ती हेल्थ सर्विस मुहैया कराएगा। भारत, घाना के युवाओं की वोकेशनल एजुकेशन के लिए स्किल डेवलपमेंट सेंटर बनाएगा।