अहमदाबाद एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हो गया। इस प्लेन में 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत 242 पैसेंजर सवार थे। हादसे में एक ब्रिटिश पैसेंजर जिंदा बच गया है। एअर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171 ने गुरुवार दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। दोपहर 1:40 बजे यह प्लेन क्रैश हो गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इसे घटना को प्लेन हादसों के इतिहास में सबसे बुरी दुर्घटनाओं में से एक बताया है। व्हाइट हाउस में बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह एक भयानक दुर्घटना थी। हम जो कुछ भी कर सकते हैं, करेंगे। ट्रंप ने कहा- किसी को कुछ पता नहीं चला कि क्या हुआ। ऐसा लग रहा था कि वह ठीक-ठाक उड़ रहा था।
प्लेन हादसे की जांच में शामिल होने ब्रिटिश टीम भारत आएगी
ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर ने संसद में कहा- कई ब्रिटिश नागरिकों को लेकर लंदन आ रहे प्लेन के अहमदाबाद में क्रैश होने के कई विजुअल बहुत भयानक हैं। मुझे हर अपडेट के बारे में जानकारी दी जा रही है। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय अधिकारियों की मदद के लिए एक टीम भारत भेजी गई है। विदेश सचिव इस पर काम कर रहे हैं और हम जल्द से जल्द इस बारे में जानकारी देंगे। वहीं, ब्रिटिश सांसद लूसी पॉवेल ने संसद में कहा कि ब्रिटिश सरकार एअर इंडिया विमान में सवार लोगों को हर संभव मदद मुहैया कराएगी। कई परिवार हैं, जो अपने लोगों के आने का इंतजार कर रहे हैं। यह बहुत चिंता की बात है। हम उन सभी परिवारों के लिए अपनी गहरी संवेदना जताते हैं।
पहली बार क्रैश हुआ बोइंग 787 प्लेन
बीबीसी के मुताबिक यह पहली बार है जब कोई बोइंग 787 विमान क्रैश हुआ है। इसे ड्रीमलाइनर के नाम से भी जाना जाता है। बोइंग ने इस मॉडल को 14 साल पहले लॉन्च किया गया था। बोइंग ने अप्रैल में ऐलान किया था कि ड्रीमलाइनर पर 100 करोड़ लोग यात्रा कर चुके हैं। इस दौरान बोइंग 787 ने 50 लाख उड़ानें भरी हैं।