
गुजरात के सूरत शहर में मंगलवार शाम 6 बजे तक 36 घंटे में 19 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। शहर का अधिकांश हिस्सा बाढ़ की चपेट में है। कई सोसाइटियों में पानी भर गया। लोगों को ट्रैक्टर के जरिए रेस्क्यू किया गया। राज्य के कच्छ में बारिश का यलो और बाकी हिस्से में ऑरेंज अलर्ट है। अगले 7 दिन तक यही हालात बने रहेंगे। उत्तराखंड के हल्द्वानी में बुधवार सुबह अस्पताल से बच्चे की डिलीवरी के बाद घर जा रहे एक परिवार की कार नहर में जा गिरी। इसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई है। हादसे तीन दिन पहले जन्मा बच्चा भी नहीं बच सका। भारी बारिश के कारण नाला उफान पर था, इस दौरान कार अनियंत्रित होकर नाले में जा समाई। कार में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें से 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली में आज के लिए यलो अलर्ट है। बारिश के साथ तेज आंधी का अनुमान है। अधिकतम तापमान 34°C रह सकता है। मंगलवार को चंडीगढ़-हरियाणा के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंचा है।
पहाड़ों पर भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ों पर नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हुआ है। इससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड और लद्दाख में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी गुजरात और राजस्थान के कई हिस्सों में भी भारी बारिश के संकेत हैं। अगले 24 घंटों में पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भी तेज बारिश हो सकती है। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में 26 जून से मानसून सक्रिय होने के साथ बारिश तेज होने की संभावना है। जयपुर में मंगलवार सुबह 8 से शाम 5 बजे तक 3 इंच से ज्यादा (77.8MM) बारिश हुई।
देश में कल का मौसम कैसा रहेगा
26 जून: दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा में बहुत भारी बारिश की संभावना है। दिल्ली में तापमान अधिकतम 36°C और न्यूनतम 28°C के आसपास रह सकता है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय में भी तेज बारिश का अलर्ट है। यहां बिजली गिरने की भी चेतावनी है। मध्य प्रदेश-गुजरात में भी तेज बारिश होगी। गुजरात के जिलों में बाढ़ की स्थिति और बिगड़ सकती है। गोवा, कर्नाटक में भारी बारिश जारी रहेगी। मुंबई में भी तेज बारिश होगी। पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में तेज बारिश का रेड अलर्ट है।