गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका गूंज उठा। दिल्ली में नहीं थम रहा गैंगवार, पुलिस ने किया 2 बदमाशों का एनकाउंटर
Saturday, 05 Jul 2025 13:00 pm

Golden Hind News

 दिल्ली  में गैंगवार थमने का नाम नहीं ले रही है। बीते दिनों बवाना में एक व्यवसायी की हत्या के बाद नजफगढ़ इलाके में एक डबल मर्डर के चश्मदीद गवाह की हत्या कर दी गई। यह वारदात उस समय हुई, जब डबल मर्डर का चश्मदीद गवाह नीरज तेहलान अपनी कार से कहीं जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उसे रोककर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमले में नीरज तेहलान की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मृतक नीरज भी बदमाश था। पुलिस ने उसपर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। इसके अलावा नीरज तेहलान फरवरी 2024 में नजफगढ़ इलाके में हुए डबल मर्डर केस का चश्मदीद गवाह भी था। घटना शुक्रवार शाम करीब सात सवा सात बजे की है। 

हत्याकांड में विदेशी एंगल आ रहा सामने

पुलिस सूत्रों का कहना है कि प्राथमिक जांच में नीरज तेहलान की हत्या के पीछे कुख्यात गैंगस्टर हर्ष धनकड़ उर्फ चिंटू का हाथ होने की बात सामने आई है। चिंटू अभी हाल ही में विदेश से प्रत्यर्पित हुआ है। इसके अलावा इस हत्याकांड में विदेश में छिपे खतरनाक गैंगस्टर संजय दहिया उर्फ संजू का हाथ भी हो सकता है। फिलहाल पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही हत्यारोपियों का सुराग लगने की संभावना है। ऐसे में माना जा रहा है कि कोर्ट में उसकी गवाही न हो इसलिए उसकी हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

बदमाशों ने ताबड़तोड़ की फायरिंग 

 शुक्रवार शाम करीब 7 बजे नीरज तेहलान अपने निजी काम से कहीं जा रहा था. इसी दौरान डिचाऊं पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार बदमाशों ने उसकी कार को आगे आकर रोका और उस पर फायरिंग शुरू कर दी. आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. जिससे कई गोली नीरज को जा लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए. राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी. नजफगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां कार में नीरज बेसुध होलत में पड़ा था. पुलिस ने उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नीरज के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है