
जयपुर। राजधानी जयपुर के ग्राम दादिया में गुरुवार को सहकार एवं रोजगार उत्सव का भव्य आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान प्रदेश को सहकारिता के क्षेत्र में कई बड़ी सौगातें दी जाएंगी और युवाओं को रोजगार से जोड़ते हुए नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार शाम दादिया पहुंचे। उन्होंने सभा स्थल का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य की डबल इंजन सरकार आमजन के सपनों को साकार कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सहकारिता गांव, किसान, गरीब और मजदूर से सीधे जुड़ी हुई है और इस क्षेत्र का विस्तार इन वर्गों के उत्थान में सहायक है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार गृह विभाग को संसाधनों की पर्याप्त आपूर्ति कर रही है, जिससे पुलिस प्रशासन और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सके
अमित शाह गुरुवार दोपहर 12:05 बजे बीएसएफ के विशेष विमान से जयपुर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे. इसके बाद वे हेलिकॉप्टर से दादिया गांव के सभा स्थल के लिए रवाना होंगे और दोपहर 12:30 बजे वहां पहुंचकर कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे. इस आयोजन में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहेंगे. शाह एक जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें सहकारी समितियों, किसान संगठनों, स्वयं सहायता समूहों और सहकारी बैंकों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. वे सहकारी क्षेत्र में नवाचार, ग्रामीण क्रेडिट, सहकारी मार्केटिंग और डेयरी नेटवर्क के विस्तार जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे
कार्यक्रम के दौरान आठ हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे. साथ ही चौबीस अन्न भंडारण गोदाम और चौसठ मिलेट्स आउटलेट्स का वर्चुअल उद्घाटन भी किया जाएगा. वे सहकारी समितियों के डिजिटलीकरण और मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव योजनाओं में राजस्थान की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में नई पहलों की घोषणा कर सकते हैं कार्यक्रम के दौरान शाह सहकारी उत्पादों की प्रदर्शनी का दौरा करेंगे, जहां राजस्थान के सहकारी क्षेत्र की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा. वे पुलिस के 100 नए वाहनों की फ्लैग ऑफ सेरेमनी में भी शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर में लंच के दौरान शाह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित अन्य नेताओं के साथ अनौपचारिक चर्चा कर सकते हैं. इस दौरान संगठनात्मक मुद्दों, खासकर आगामी स्थानीय निकाय चुनावों और सरकार की योजनाओं पर बात हो सकती है राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने स्पष्ट किया है कि यह दौरा पूरी तरह सहकारिता से जुड़ा है, और संगठनात्मक चर्चा सीमित रहेगी. सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताया है.