भाजपा ने राजस्थान में 5 लाख-50 लाख मुआवजे का झूठ फैलाया पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा- BJP के झूठ की वजह से गई थी कांग्रेस सरकार
Thursday, 17 Jul 2025 13:00 pm

Golden Hind News

जयपुर। गृहमंत्री अमित शाह के जयपुर दौरे से ठीक पहले पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कन्हैयालाल हत्याकांड को लेकर भाजपा हमला बोला है. अशोक गहलोत ने सोशल मीड‍िया 'X' पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि इस हत्याकांड को भाजपा ने चुनावी मुद्दा बनाकर झूठ फैलाया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा आज केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह जयपुर आ रहे हैं। विधानसभा चुनाव से पूर्व आपने राजस्थान में हर रैली में कन्हैयालाल केस का जिक्र किया और इसके नाम पर वोट मांगे। इस केस में राजस्थान पुलिस ने सिर्फ चार घंटे में आरोपी गिरफ्तार कर लिए। दोनों आरोपियों का संबंध भाजपा से था। इसके बाद भी आपके मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली NIA ने रातोंरात केस अपने पास ले लिया। हमने इस पर भी ऐतराज नहीं किया। पूरी भाजपा ने राजस्थान में 5 लाख-50 लाख मुआवजे का झूठ फैलाया और हमारी सरकार जाने के सबसे बड़े कारणों में यह झूठ शामिल है। 

चार घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार किया था   

अशोक गहलोत ने याद दिलाया कि राजस्थान पुलिस ने महज 4 घंटे में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, और दोनों का संबंध भाजपा से था. इसके बाद केंद्र सरकार के अधीन आने वाली NIA ने आनन-फानन में केस अपने हाथ में ले लिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तब भी इस पर कोई ऐतराज नहीं जताया, लेकिन भाजपा ने पूरे राजस्थान में मुआवजे को लेकर झूठ फैलाया. यही वजह थी कि इस मामले को लेकर जनता में नाराजगी फैली और यह कांग्रेस सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का एक बड़ा कारण बना 

गहलोत ने अमित शाह से पूछा सवाल

गहलोत ने अमित शाह से सवाल पूछा कि आज जब आप जयपुर आ रहे हैं तो प्रदेश की जनता को बताइए कि कन्हैयालाल के परिवार को न्याय कब मिलेगा. क्या भाजपा का इस केस से सिर्फ राजनीतिक मकसद था या फिर वास्तव में न्याय दिलाने की कोई मंशा है. पूर्व मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमित शाह जयपुर में ‘सहकार एवं रोजगार उत्सव' में भाग लेने पहुंचे रहे हैं.