
देशभर में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई जगह तो लोगों को खाने के लाले पड़ गए हैं। हालांकि राज्य सरकारें, राहत एवं आपदा प्रबंधन में जुटी हैं। शरणार्थी शिविरों में प्रभावितों को राहत सामाग्री पहुंचाई जा रही है। बिहार के 12 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। 17 लाख से ज्यादा की आबादी इससे प्रभावित है। सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में भागलपुर है, यहां की 75 पंचायतों के 4.16 लाख से ज्यादा लोग पीड़ित हैं। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश जारी है। लखनऊ में भी तेज बारिश हुई। विधानसभा परिसर में पानी भर गया। सीएम आवास के पास सड़क पर 2 फीट तक पानी भर गया। उत्तराखंड के देहरादून में तेज बारिश हुई। जिसके कारण आज जिले में कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूल हुए बंद
वहीं, मालदेवता क्षेत्र में नदी ने आसपास मौजूद मकानों को नुकसान भी पहुंचा। राज्य में 12-14 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट है। इसी वजह से श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए केदारनाथ धाम यात्रा 3 दिन के लिए रोक दी गई है। मंगलवार सुबह से दिल्ली में तेज बारिश हो रही है। इसके कारण कई जगहों पर पानी भर गया है। दो दिन पहले तेज बारिश हुई थी। मौसम खराब होने के कारण 300 से ज्यादा फ्लाइट देरी से उड़ीं।
बारिश का रेड अलर्ट हुआ जारी-
उत्तराखंड-असम
मौसम विभाग ने मंगलवार को उत्तराखंड, असम समेत 6 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट, हिमाचल-बिहार समेत 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और UP-MP समेत 16 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़
आज 12 अगस्त से 15 अगस्त के बीच बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, बस्तर, कोंडागांव और नारायणपुर इन 6 जिलों में बिजली गिरने, बादल गरजने के साथ भारी बारिश का यलो अलर्ट है।
पंजाब
आज पंजाब में मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया, लेकिन कुछ जिलों में हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है। अमृतसर और आसपास के इलाकों में सुबह हुई हल्की बारिश से गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन दिन राज्य में अच्छी बारिश की संभावना है और बारिश सामान्य से ज्यादा हो सकती है। बीते दिन भी कुछ जिलों में बारिश हुई। लुधियाना में 0.2 मिमी, पटियाला में 1.4 मिमी, मोहाली में 3 मिमी और रूपनगर में 10 मिमी। जिससे औसत अधिकतम तापमान में 2.7°C की गिरावट दर्ज की गई।
मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश के जबलपुर समेत 11 जिलों में मंगलवार को भारी बारिश होने का अलर्ट है। यहां अगले 24 घंटे में साढ़े 4 इंच तक पानी गिर सकता है। वहीं, 13 अगस्त से बंगाल की खाड़ी से लो प्रेशर एरिया (कम दबाव का क्षेत्र) एक्टिव हो रहा है। जिसका असर भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग में भी दिखाई देगा।
हरियाणा
हरियाणा में आज (12 अगस्त) सुबह से अंबाला, कैथल, पानीपत, यमुनानगर और फरीदाबाद में बारिश जारी है। सोनीपत, जींद, पलवल और चरखी दादरी में बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक, 14 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम में 25 से 50 प्रतिशत एरिया में बरसात की संभावना है।
यूपी
यूपी में लगातार बारिश से नदियां और नाले उफान पर हैं। आज 22 जिलों में तेज और 27 जिलों में कम बारिश का अनुमान है। यानी, 49 जिलों में बारिश का अनुमान है। प्रदेश के कई जिलों में अगले 48 घंटे बाद लगातार 5 दिनों तक भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी है।
सोमवार को 39 जिलों में 4.2 मिमी बारिश हुई। ये मौसम विभाग के औसत अनुमान 8.2 मिमी से 49% कम है। वहीं, 1 जून से 11 अगस्त तक यूपी में 483.3 मिमी बारिश हुई, जो अनुमान 439.1 मिमी से 10% अधिक है।