पिछले साल लिखी कत्ल की पटकथा निक्की हत्याकांड में बड़ा खुलासा- अफेयर बनी मौत की वजह
Wednesday, 27 Aug 2025 13:00 pm

Golden Hind News

निक्की हत्याकांड में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। विपिन का अफेयर का पर्दाफाश होने पर निक्की की हत्या की पटकथा लिखी गई थी। परिजनों का आरोप है कि विपिन प्रेमिका संग दनकौर में पकड़ा गया था। ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना इलाके की निक्की भाटी की हत्या कर रास्ते से हटाने की पटकथा जून-2024 में लिख दी गई थी।

दनकौर में प्रेमिका से मिलता था विपिन

दनकौर से पति विपिन को प्रेमिका के साथ पकड़कर सिरसा गांव में परिवार को सौंपा गया था। इसे लेकर परिवार और रिश्तेदारों ने विपिन को खरी-खोटी सुनाई थी। पिता भिखारी सिंह का आरोप है कि पोल खुलने के बाद से ही विपिन ने निक्की से क्रूरता का व्यवहार शुरू कर दिया था। जब निक्की व कंचन को विपिन के प्रेम-प्रसंग की जानकारी हुई तो उन्होंने इस संबंध में पूछा था। इस पर विपिन आगबबूला हो गया था। इसके बाद निक्की और कंचन प्रेम-प्रसंग के मामले को लेकर जानकारी जुटाने लगीं। इस दौरान जारचा कोतवाली इलाके के एक गांव निवासी प्रेमिका के बारे में पता चला। दोनों ने दनकौर में मिलने का स्थान बना रखा था। निक्की ने ही पिता व परिजनों को दनकौर के बारे में जानकारी दी थी।

निक्की के साथ क्रूर हो गया था बर्ताव

इससे नाराज विपिन ने निक्की को प्रेम प्रसंग में बाधा मानते हुए उसे हटाने की पटकथा लिखनी शुरू कर दी। निक्की के साथ बर्ताव क्रूर हो गया। बात-बात पर गाली-गलौज व प्रताड़ित किया जाने लगा।इससे निक्की परेशान रहने लगी और परिजनों को बताया। पिता समाज के लोगों को साथ लेकर सिरसा गांव में पहुंचे और विपिन व उसके परिजनों को समझाया। तब निक्की ने परिजनों के सामने कहा कि वह एक बच्चे के सहारे ही समय काट लेगी इसलिए आप एक कोने में जगह दे दीजिए लेकिन सास आगबबूला हो गई थी।