
जयपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता हीराबेन मोदी पर बिहार में की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर सियासत तेज हो गई है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस और आरजेडी के नेताओं को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा है कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने सार्वजनिक मंच से बोलते हुए "निर्लज्जता की सारी हदें पार" कर दी हैं।
मुख्यमंत्री शर्मा ने देर रात एक वीडियो संदेश जारी कर कहा –
"भारत माँ के लाड़ले सपूत, यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माताजी पर अभद्र टिप्पणी करना कांग्रेस और आरजेडी के नेताओं की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। इस कृत्य के लिए देश इन्हें कभी माफ नहीं करेगा।"
शर्मा ने कहा कि मां जानकी की पावन धरती, ज्ञान और तपोभूमि बिहार से इस तरह का बयान आना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की माताजी ने संघर्ष और तपस्या से अपना जीवन व्यतीत किया और गरीबी में बच्चों को संस्कार दिए। एक गरीब माँ का बेटा आज देश का प्रधानमंत्री बनकर 140 करोड़ भारतीयों का नेतृत्व कर रहा है, लेकिन इंडी गठबंधन के नेताओं को यह हजम नहीं हो रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री मातृशक्ति वंदन जैसे ऐतिहासिक कानून बना रहे हैं, दूसरी ओर कांग्रेस और आरजेडी नेता महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने इसे भारत की महान परंपरा और मातृशक्ति का "घोर अपमान" बताया।
भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा –
"कांग्रेस की परंपरा रही है कि जब भी चुनाव हारने की आशंका होती है, ये अपशब्दों का सहारा लेते हैं। ये खुद भी भ्रष्ट हैं और इनकी मति भी भ्रष्ट है।"
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब समझ चुकी है कि वोट के लिए यह गठबंधन कितनी नीचे गिर सकता है।