
बिहार के दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद रिजवी उर्फ राजा सिंहवाड़ा के रूप में हुई है, जो भपुरा गांव का निवासी है। पुलिस ने गुरुवार रात को छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा है। उसके खिलाफ सिमरी थाने में मामला दर्ज है। आरोपी से पूछताछ की जा रही हैं, वहीं पटना में शुक्रवार को मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़ गए।
प्रधानमंत्री मोदी को अपशब्द मामले में शुक्रवार को राजधानी पटना में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई। दरअसल, भाजपा ने घटना और कांग्रेस की 'वोटर अधिकार यात्रा' के विरोध में पटना स्थित कांग्रेस मुख्यालय 'सदाकत भवन' तक मार्च निकाला था। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ता कार्यालय में घुस गए, इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। पत्थरबाजी हुई और लाठी-डंडे चले, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। पुलिस को पिस्तौल दिखाकर लोगों को शांत कराना पड़ा।
कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) समेत महागठबंधन की ओर से बिहार में 'वोटर अधिकार यात्रा' निकाली जा रही है, जिसमें खुद राहुल गांधी और तेजस्वी
यादव शामिल हैं। दरभंगा के जाले में कांग्रेस के दावेदार मोहम्मद नौशाद ने यात्रा के लिए स्वागत मंच तैयार कराया था। इसी मंच से प्रधानमंत्री मोदी को गालियां दी गई, जिसका वीडियो वायरल हो गया। मामले पर राजनीतिक बवाल बढ़ गया और भाजपा ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
कांग्रेस दफ्तर के बाहर हंगामा
इस मामले को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। पटना में कांग्रेस दफ्तर के बाहर जमकर हंगामा हुआ बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इस पर कड़ी नाराज़गी जताई और पटना स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे। इसी दौरान कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार बहस हुई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
पुलिस ने स्थिति को किया काबू
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को काबू में किया। दरभंगा से गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कांग्रेस इस तरह की भाषा का समर्थन कर रही है। वहीं कांग्रेस ने जवाब देते हुए कहा कि यह पार्टी का आधिकारिक बयान नहीं बल्कि किसी व्यक्ति की हरकत है, लेकिन बीजेपी इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही है। फिलहाल, पटना और दरभंगा दोनों जगह इस मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।