पंजाब के 250 गांवों में बाढ़, 8 की जान गई जम्मू-कश्मीर के रियासी में लैंडस्लाइड ,रामबन में फटा बादल
Saturday, 30 Aug 2025 02:30 am

Golden Hind News

जम्मू-कश्मीर में बड़ी तबाही हुई है. जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले और रामबन में बादल फटने से हाहाकार मच गया है.रामबन में बादल फटने से जहां अब तक पांच लोगों की मौत हुई है, वहीं रियासी जिले में बादल फटने से अब तक 7 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. दोनों जगहों पर अब भी कई लोग लापता हैं. दर्जनों घर मलबों में तब्दील हो चुके हैं. रामबन जिले के राजगढ़ गांव में बादल फटा है. यहां तेज बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ और मलबे में कई घर क्षतिग्रस्त हो गए. इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है. वहीं, रियासी के माहौर डब्बर गांव में बादल फटा है. रियासी में लैंडस्लाइड भी हुई है, जिससे कई घर तबाह हो चुके हैं.  

स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान

भारी बारिश और बाढ़ से जूझ रहे जम्मू-कश्मीर में यात्रियों की मदद के लिए नॉर्दर्न रेलवे ने दो स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है. पहली ट्रेन 30 अगस्त को दोपहर 3 बजे जम्मू से दादन (मऊ) के लिए रवाना होगी. यह ट्रेन लुधियाना,नई दिल्ली,ग्वालियर और भोपाल होते हुए जाएगी। इसमें फर्स्ट एसी,सेकेंड एसी, थर्ड एसी,थर्ड एसी इकोनॉमी,स्लीपर और जनरल के डिब्बे होंगे. दूसरी ट्रेन 30 अगस्त को शाम 5 बजे जम्मू से छपरा के लिए निकलेगी।यह लुधियाना, मुरादाबाद, गोंडा और बस्ती होकर जाएगी. इसमें भी एसी, इकोनॉमी, स्लीपर और जनरल कोच लगाए गए हैं. रेलवे ने बताया है कि दोनों ट्रेनों के प्रस्थान समय अस्थायी हैं और हालात के हिसाब से बदल सकते हैं.

राजगढ़ में बादल फटा

 शनिवार को राजगढ़ इलाके में बादल फटा, जिससे कुछ गांव चपेट में आ गए. इस घटना ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई. तेज बहाव के कारण कई घर क्षतिग्रस्त हो गए, कुछ पूरी तरह बह गए. अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल प्रभावित क्षेत्र से तीन शव बरामद किए गए हैं. बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर भेजे गए और लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी है. इसके अलावा, पीड़ितों के परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। विस्थापित परिवारों को आश्रय देने और भोजन, पानी और बुनियादी चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करने के लिए अस्थायी राहत शिविर भी स्थापित किए गए हैं.अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त टीमें तैनात की जाएंगी.

राहत और बचाव अभियान

तबाही से लोगों को बचाने का काम जारी है.  रेस्क्यू टीम राहत कार्य में जुट चुकी है.  राहत और बचाव अभियान NDRF, SDRF, स्थानीय प्रशासन एवं सेना की सहायता से जारी है, और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है।


मौसम की स्थिति एवं अन्य प्रभावित क्षेत्र

जम्मू-कश्मीर के कटरा में भारी बारिश के चलते वैष्णो देवी यात्रा फिलहाल रुकी हुई है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बादल फटने और लैंडस्लाइड जैसी घटनाएं हुईं, जिसमें मौतें हुई हैं और खोज-बचाव जारी है।

पंजाब में बाढ़ की स्थिति

पंजाब के 8 जिले, जिनमें अमृतसर, पठानकोट आदि शामिल हैं।  250 से अधिक गांवों में 5 से 15 फीट तक पानी भर गया है।  अब तक 8 लोग मारे गए हैं और 3 लोग लापता बताए जा रहे हैं।