460 पर्यटकों ने लिया लायन-टाइगर सफारी का रोमांच, नाहरगढ़ उद्यान रहा गुलजार नाहरगढ़ जैविक उद्यान में पर्यटकों की रिकॉर्ड भीड़, लायन-टाइगर सफारी बनी आकर्षण का केंद्र
Monday, 01 Dec 2025 02:30 am

Golden Hind News

नाहरगढ़ जैविक उद्यान में रविवार को उमड़ी रिकॉर्ड भीड़, लायन-टाइगर सफारी रहे आकर्षण का केंद्र

जयपुर : राजधानी जयपुर स्थित नाहरगढ़ जैविक उद्यान रविवार को पर्यटकों की भारी भीड़ से खचाखच भरा रहा। सुहावने मौसम, वीकेंड का उत्साह और प्राकृतिक सुंदरता ने पर्यटकों को बड़ी संख्या में उद्यान की ओर आकर्षित किया।

एसीएफ देवेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि रविवार को कुल 2,316 पर्यटक उद्यान पहुंचे। इनमें से 460 सैलानियों ने लायन सफारी और टाइगर सफारी का रोमांचक अनुभव लिया। शेरों की शाही चाल, बाघों की गर्जना और उनके प्राकृतिक व्यवहार को करीब से देखने का मौका पाकर पर्यटक उत्साहित दिखे। कई आगंतुकों ने इस अनुभव को “जीवन का यादगार पल” बताया।

नाहरगढ़ जैविक उद्यान इन दिनों न सिर्फ जयपुरवासियों बल्कि देशभर से आने वाले पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है। इसका बड़ा कारण है वन विभाग द्वारा किया जा रहा सुरक्षित, पारदर्शी और पर्यटक-हितैषी प्रबंधन

उप वन संरक्षक विजयपाल सिंह के निर्देशन में सुरक्षा, साफ-सफाई, टिकटिंग व्यवस्था, गाइडेंस, भीड़ नियंत्रण और सफारी संचालन पर विशेष ध्यान दिया गया है। रविवार को एसीएफ देवेंद्र सिंह राठौड़ व रेन्जर शुभम शर्मा ने दोनों सफारियों की सघन मॉनिटरिंग की और सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

रेन्ज अधिकारी शुभम शर्मा की देखरेख में टूरिज्म मैनेजमेंट टीम ने सफारी रूटों की निगरानी, वाहनों की समय पर उपलब्धता, टिकटिंग काउंटरों पर पारदर्शी सेवा, पाथवे की स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन को प्रभावी तरीके से संभाला, जिससे पर्यटकों को सुगम अनुभव मिला।

वन विभाग के उत्कृष्ट प्रबंधन के चलते नाहरगढ़ जैविक उद्यान आज राजस्थान के प्रमुख वन्यजीव पर्यटन स्थलों में शुमार हो चुका है। यह सिर्फ मनोरंजन का केंद्र नहीं, बल्कि वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण शिक्षा और जैव विविधता जागरूकता का महत्वपूर्ण स्थल भी है।

प्राकृतिक हरियाली, शांत वातावरण और वन्यजीवों का सहज व्यवहार पर्यटकों को प्रकृति से जोड़ने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है, जो हर किसी के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव साबित होता है।