अमेरिका में बड़ा आतंकी साजिश नाकाम, भारी हथियारों के साथ युवक गिरफ्तार अमेरिका में पाकिस्तानी मूल का युवक गिरफ्तार, विश्वविद्यालय में हमले की रची थी साजिश
Thursday, 04 Dec 2025 02:30 am

Golden Hind News

अमेरिका: पाकिस्तानी मूल का युवक सामूहिक गोलीबारी की साजिश में गिरफ्तार, भारी हथियार बरामद

अमेरिका में पाकिस्तान में जन्मे एक युवक को डेलावेयर विश्वविद्यालय में सामूहिक गोलीबारी की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। न्यू कैसल काउंटी पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान 25 वर्षीय लुकमान खान के रूप में हुई है, जो विश्वविद्यालय का पूर्व छात्र है और अमेरिकी नागरिक है।

 

■ पार्किंग में पकड़ा गया संदिग्ध

पुलिस ने 24 नवंबर की रात खान को एक पार्क में संदिग्ध हालात में उसके ट्रक के पास देखकर रोका। तलाशी में उसके पास से एक ग्लॉक पिस्तौल, 27 राउंड की मैगजीन, बॉडी आर्मर प्लेटें और ऐसा किट मिला जिससे पिस्तौल को जोड़कर सेमी-ऑटोमैटिक राइफल में बदला जा सकता था।

■ नोटबुक ने खोली साजिश की परतें

हथियारों के साथ मिली एक नोटबुक ने पुलिस को चौंका दिया। इसमें विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का हाथ से बनाया गया नक्शा, प्रवेश-निकास मार्गों की पहचान, और ‘सभी को मारो’ तथा ‘शहीद’ जैसे शब्द लिखे थे। नोटबुक में हमले के बाद पुलिस से बचने के तरीके भी लिखे हुए थे, जिससे साफ होता है कि यह योजना पहले से अच्छी तरह तैयार की गई थी।

■ ‘शहीद होना महान काम’— आरोपी का बयान

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में लुकमान खान ने पुलिस को बताया कि उसके अनुसार “शहीद होना सबसे महान चीजों में से एक है।” हालांकि, विश्वविद्यालय में हमले की साजिश के पीछे उसका उद्देश्य अभी स्पष्ट नहीं है।

■ पड़ोसियों ने बताया— बदल गया था व्यवहार

एफबीआई की जांच जारी है। पड़ोसियों ने बताया कि कुछ महीनों से खान का व्यवहार बदल गया था और वह पहले की तरह लोगों से मेलजोल नहीं रखता था।

■ कानूनी कार्रवाई

खान पर मशीन गन को अवैध रूप से रखने सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने के कारण एक बड़े संभावित हमले को रोका जा सका।