
राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “2 साल – नव उत्थान, नई पहचान, बढ़ता राजस्थान – हमारा राजस्थान” थीम पर आधारित तीन दिवसीय जिला विकास प्रदर्शनी का मंगलवार को सूचना केंद्र की आर्ट गैलरी में शुभारम्भ हुआ। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया तथा राज्य सरकार की उपलब्धियों एवं कार्यों पर आधारित जिला विकास पुस्तिका का विमोचन किया।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर अधिकारियों के साथ जिले में संचालित विकास कार्यों पर चर्चा की। अतिथियों ने प्रदर्शनी में दर्शाए गए विभिन्न विभागों के फ्लैगशिप एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों एवं नवाचारों की सराहना की।
जल संसाधन मंत्री रावत ने राज्य सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार चहुंमुखी विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि बजट वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में प्रदेश को ऐतिहासिक विकास सौगातें दी गई हैं, जिनमें से अधिकांश घोषणाएं क्रियान्वित हो चुकी हैं तथा शेष पर प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ कार्य प्रगतिरत है।
मंत्री रावत ने कहा कि राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट के माध्यम से 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू किए गए, जिनमें से 8 लाख करोड़ रुपये के एमओयू पर ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है।
राज्य ने विद्युत उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करते हुए 5,000 मेगावाट से अधिक उत्पादन क्षमता स्थापित की है।
युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करते हुए 92,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं तथा 1 लाख से अधिक भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु 19 लाख से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें से 11 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनी हैं।
अजमेर जिले को बजट में विशेष सौगात देते हुए पेयजल समस्या के समाधान हेतु ईआरसीपी के अंतर्गत मोर सागर बांध की घोषणा की गई है। इस परियोजना का वर्क ऑर्डर जारी हो चुका है और निर्माण कार्य प्रगतिरत है। लगभग 4,700 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस बांध को भविष्य में बिसलपुर बांध से भरा जाएगा, जिससे जिले को स्थायी पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
मंत्री ने बताया कि किसान सम्मान निधि की राशि में वृद्धि की गई है तथा सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाने के लिए विकास रथ संचालित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, देहात अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, पूर्व प्रधान दिलीप प्रचार, अर्जुन सिंह रावत, अर्जुन नलिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर , वन्दना खोरवाल, एडीए उपायुक्त , निशा सहारण, उपनिदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क भानु प्रताप सिंह गुर्जर, सहायक जनसम्पर्क अधिकारी मयंक राज गुर्जर सहित विभागीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।