
राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला अब सहकारिता विभाग का महज एक वार्षिक कार्यक्रम न रहकर जयपुर की एक विशिष्ट सांस्कृतिक एवं व्यापारिक पहचान बन चुका है, जिसकी प्रतीक्षा राजधानीवासियों को वर्ष भर रहती है। सहकारिता मंत्री ने किया 'राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला-2026' का शुभारम्भ.सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक ने कहा कि सहकारिता विभाग एवं कॉनफेड द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जाने वाला राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से सहकारी संस्थाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को एक सशक्त मंच मिलता है तथा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सहकारिता के ध्येय वाक्य ‘एक सबके लिए, सब एक के लिए’ को साकार करते हैं।
पहली बार संभाग स्तर पर सफलतापूर्वक सहकार मेलों का आयोजन किया
जवाहर कला केन्द्र के दक्षिण परिसर में शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता खोलकर मेले का विधिवत शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि PM Narendra Modi की विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में सहकारी आन्दोलन की महत्वपूर्ण भूमिका है। दक ने कहा कि राष्ट्रीय सहकार मसाला मेले की सफलता से प्रेरित होकर पहली बार संभाग स्तर पर सफलतापूर्वक सहकार मेलों का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि अब जिला स्तर पर भी सहकार मेलों के आयोजन किया जाएगा। सहकारिता मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला सहकारी आन्दोलन से जुड़े लोगों के साथ ही जयपुरवासियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण आयोजन है। मेले के प्रति जयपुरवासियों का बहुत अच्छा रिस्पॉंस देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि मिलावट से परेशान आमजन को यहां शुद्ध मसाले एवं अन्य उत्पाद उचित दर पर उपलब्ध होते हैं।
मेले में इस बार लगभग 150 स्टॉल्स लगाई गई
सहकारिता मंत्री एवं शासन सचिव ने विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन कर देश और प्रदेश की सहकारी समितियों द्वारा प्रदर्शित मसालों एवं अन्य उत्पादों की जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि सहकारिता विभाग एवं राजस्थान राज्य सहकारी उपभोक्ता संघ कॉनफेड द्वारा वर्ष 2003से प्रतिवर्ष इस मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर उचित मूल्य पर उच्च गुणवत्ता के मसाले एवं अन्य उत्पाद उपलब्ध होते हैं, जिससे यह आयोजन जयपुरवासियों के बीच लोकप्रिय बन गया है। इस वर्ष यह मेला 17 से 26 अप्रेल तक आयोजित किया जा रहा है। मेले में इस बार लगभग 150 स्टॉल्स लगाई गई है।