राज्यभर में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया राजस्थान में हीटवेव की चेतावनी, 42°C के पार पहुंचा तापमान
Tuesday, 21 Apr 2026 00:00 am

Golden Hind News

राजस्थान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है, और खासकर चूरू, कोटा और चित्तौड़गढ़ जैसे शहरों में रविवार को पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। वहीं, 10 से ज्यादा शहरों में तापमान 40-41 डिग्री के बीच दर्ज किया गया, जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ा है। सड़कें सुनसान हो गई हैं और लोग जरूरी कामों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। राज्यभर में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और अगले कुछ दिनों तक गर्मी के बढ़ने की संभावना है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, ज्यादा पानी पीने और लू से बचाव के उपाय करने की सलाह दी है।

जयपुर में गर्मी से हाल-बेहाल

राजधानी जयपुर में भी दिन और रात दोनों समय सामान्य से ज्यादा गर्मी है। यहां सोमवार दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में इन दिनों तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री ऊपर दर्ज हो रहा है। 

अजमेर में पर्यटन स्थल पर सन्नाटा रहा

अजमेर में गर्मी का असर सोमवार को भी दिखा। तेज धूप के चलते पर्यटन स्थलों पर सन्नाटा पसरा रहा। घरों से बाहर निकलने वाले लोग धूप से बचने के लिए तरह-तरह के उपाय करते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज गर्मी के कारण उदयपुर और अजमेर में टूरिस्टों की संख्या कम हो गई है। कोटा के हॉस्पिटल्स में हीटवेव के मरीजों के लिए बेड रिजर्व किए गए हैं।