राजस्थान में 43 पेट्रोल पंप नोजल सीज राजस्थान में पेट्रोल पंपों पर बड़ा एक्शन, 43 नोजल सीज पेट्रोल-डीजल में चोरी का खुलासा, 25 पेट्रोल पंपों पर कार्रवाई
Monday, 18 May 2026 02:30 am

Golden Hind News

राजस्थान में पेट्रोल पंपों पर बड़ा खुलासा, 43 नोजल सीज

औचक निरीक्षण अभियान में सामने आई शॉर्ट डिलीवरी की गड़बड़ी, उपभोक्ताओं से लाखों की अतिरिक्त वसूली

जयपुर :  राजस्थान में उपभोक्ताओं के साथ पेट्रोल-डीजल की बिक्री में हो रही गड़बड़ी को लेकर उपभोक्ता मामले विभाग ने बड़ा अभियान चलाया है। विभाग की ओर से प्रदेशभर में किए गए औचक निरीक्षण में कई पेट्रोल पंपों पर कम ईंधन देने का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान 7 जिलों के 25 पेट्रोल पंपों पर कुल 43 गड़बड़ नोजल सीज/बंद किए गए।

जांच में खुलासा हुआ कि कई पेट्रोल पंप हर 5 लीटर पर 30 से 60 एमएल तक कम पेट्रोल-डीजल दे रहे थे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह मामूली दिखने वाली कमी बड़े स्तर पर उपभोक्ताओं को हर महीने लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा रही थी।

सिरोही में सबसे ज्यादा कार्रवाई

सिरोही जिले में 7 पेट्रोल पंपों के 9 नोजल बंद किए गए। इनमें रामपीर फिलिंग स्टेशन, पवन फिलिंग, करणी फ्यूल, देवनगरी पेट्रोलियम सर्विस, पार्वती दरिया फिलिंग स्टेशन, सुरेन्द्र जितेन्द्र ट्रेडर्स और भगवती फिलिंग स्टेशन शामिल हैं। यहां 40 से 50 एमएल तक की शॉर्ट डिलीवरी मिली। विभाग के अनुसार इन पंपों पर हर महीने 90 से 360 लीटर तक कम ईंधन दिया जा रहा था, जिससे करीब 1.14 लाख रुपये तक की अनुमानित हानि हो रही थी।

अलवर में 648 लीटर तक कम डिलीवरी

अलवर जिले में सिंघल सर्विस स्टेशन और चौधरी सर्विस स्टेशन के 5 नोजल बंद किए गए। सिंघल सर्विस स्टेशन पर 30 से 60 एमएल तक कम डिलीवरी पाई गई। विभाग के अनुसार यहां प्रतिमाह 648 लीटर तक कम ईंधन दिया जा रहा था। जिले में कुल अनुमानित आर्थिक हानि 91 हजार रुपये से अधिक आंकी गई।

नागौर में 11 नोजल जब्त

नागौर जिले में 4 पेट्रोल पंपों के 11 नोजल जब्त किए गए। नंदलाल राजेश कुमार कछवाहा फिलिंग स्टेशन, गुलाबदास आत्माराम, मारवाड़ फिलिंग स्टेशन और आरएल सिहाग पेट्रोलियम पर कार्रवाई हुई। यहां प्रतिमाह 54 से 378 लीटर तक कम ईंधन दिए जाने की बात सामने आई, जिससे करीब 97 हजार रुपये की आर्थिक हानि का अनुमान लगाया गया।

भीलवाड़ा, सीकर और पाली में भी कार्रवाई

भीलवाड़ा जिले में 3 पेट्रोल पंपों के 4 नोजल बंद किए गए। दीपक पेट्रोलियम, शिव इंडियन ऑयल और श्री श्याम फिलिंग स्टेशन पर हर महीने 34 से 90 लीटर तक कम पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा था।

सीकर जिले के सीएसआरबी फिलिंग स्टेशन नायरा के 4 नोजल भी बंद किए गए, जहां हर महीने 216 लीटर तक शॉर्ट डिलीवरी सामने आई।

पाली जिले में मा आई जी फिलिंग, पूजा एचपी पेट्रोलियम, पार्श्व एनर्जी और कछवा बस सर्विसेज के 5 नोजल बंद किए गए। यहां उपभोक्ताओं को हर महीने 45 से 180 लीटर तक कम ईंधन दिया जा रहा था, जिससे करीब 55 हजार रुपये से अधिक की हानि हो रही थी।

हर महीने 4 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वसूली

विभागीय आकलन के अनुसार चिन्हित मामलों में ही उपभोक्ताओं से हर महीने करीब 4 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वसूली की जा रही थी। विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी ताकि आम उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा की जा सके।

उपभोक्ता मामले मंत्री Sumit Godara ने कहा कि विभाग उपभोक्ताओं के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है और पेट्रोल पंपों पर अनियमितताओं को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अचानक निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।