एसएमएस आईपीडी टावर को लेकर समीक्षा बैठक एसएमएस मेडिकल कॉलेज की आईपीडी टावर परियोजना में तेजी लाने के निर्देश
Saturday, 11 Jul 2026 02:30 am

Golden Hind News

जयपुर, 11 जुलाई। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को सचिवालय से एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर की आईपीडी टावर परियोजना और इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवैस्कुलर साइंसेज की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने परियोजना से जुड़े निर्माण, वित्तीय, प्रशासनिक और संचालन संबंधी विषयों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आईपीडी टावर राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यदायी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने आईपीडी टावर को जल्द पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाने के लिए आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, मानव संसाधन, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, पहुंच मार्ग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।

बैठक के दौरान परियोजना की वर्तमान प्रगति, इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवैस्कुलर साइंसेज में शुरू की जा चुकी सेवाओं, शेष कार्यों तथा पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना की भी समीक्षा की गई।

बैठक में प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग गायत्री ए. राठौड, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा विभाग बाबू लाल गोयल और संयुक्त शासन सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग डॉ. ज्योति चौहान उपस्थित रहीं। अतिरिक्त मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवासन विभाग आलोक गुप्ता, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया, आयुक्त जयपुर विकास प्राधिकरण सिद्धार्थ महाजन तथा एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एवं कंट्रोलर डॉ. दीपक माहेश्वरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।