मदरसा हादसे पर बेढ़म का सख्त रुख मीलखेड़ा मदरसा हादसा: छात्राओं से सेफ्टी टैंक की सफाई कराना शर्मनाक, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई : जवाहरसिंह बेढ़म
Saturday, 18 Jul 2026 02:30 am

Golden Hind News

प्रदेश के गृह राज्यमंत्री जवाहरसिंह बेढ़म ने डीग जिले की पहाड़ी तहसील के मीलखेड़ा स्थित मदरसे में सेफ्टी टैंक की सफाई के दौरान हुए हादसे को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि अध्ययनरत छात्राओं से इस प्रकार का जोखिमपूर्ण कार्य कराना नियमों के विरुद्ध, निंदनीय और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शनिवार को भरतपुर सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए गृह राज्यमंत्री ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था। हादसे में एक छात्रा की मृत्यु अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है, जबकि घायल छात्राओं का अलवर के अस्पताल में उपचार जारी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अलवर जिला प्रशासन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं तथा डीग जिला कलक्टर पूरे मामले की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत छात्राओं से सेफ्टी टैंक की सफाई जैसा जोखिमपूर्ण कार्य कराना गंभीर लापरवाही है। इस घटना पर संस्थान के संचालकों के साथ-साथ समाज को भी आत्ममंथन करने की आवश्यकता है।

बेढ़म ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और निष्पक्ष जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता घायल छात्राओं का बेहतर इलाज सुनिश्चित करना, उनकी सुरक्षा करना तथा उन्हें शीघ्र स्वस्थ कर पुनः शिक्षा से जोड़ना है।

गृह राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी, ताकि भविष्य में किसी भी बच्चे को ऐसी दर्दनाक और दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति का सामना न करना पड़े।