
वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा कर चोरी एवं बिना वैध दस्तावेजों के माल परिवहन के विरुद्ध राज्यभर में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान विभिन्न जिलों में परिवहन वाहनों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर अगस्त माह में अब तक कुल 13 परिवहन वाहनों को डिटेन कर कार्रवाई की गई।
विभागीय कार्रवाई के अंतर्गत जयपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, नागौर, बीकानेर, दौसा, धौलपुर एवं कोटा जिलों में वाहनों की जांच की गई। डिटेन किए गए वाहनों में ओम शिव ट्रांसपोर्ट कंपनी, कोहितूर ट्रांसपोर्ट एलएलपी, जड़िया ट्रांसपोर्ट कंपनी, सांवरिया पैकर्स एंड मूवर्स, गिरिराज कार्गो प्राइवेट लिमिटेड, जैन सुपर कार्गो मूवर्स, विकास ट्रैवल्स भीलवाड़ा, एस.के. ट्रांसपोर्ट कंपनी एवं जी.सी. कैरियर सहित अन्य परिवहनकर्ता शामिल हैं।
बिल, कंसाइनमेंट नोट तथा ई-वे बिल अनिवार्य रूप से साथ रखें।
विभाग ने सभी बोनाफाइड ट्रांसपोर्टरों एवं करदाताओं से अपील की है कि माल का परिवहन करते समय वैध टैक्स इनवॉइस/बिल, कंसाइनमेंट नोट तथा ई-वे बिल अनिवार्य रूप से साथ रखें। माल परिवहन से संबंधित दस्तावेजों में किसी भी प्रकार की अनियमितता, दस्तावेजों की कमी अथवा कर चोरी पाए जाने पर संबंधित वाहन स्वामी, परिवहनकर्ता एवं करदाता के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वाणिज्यिक कर विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य में कर अनुपालन सुनिश्चित करने तथा राजस्व लीकेज पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वाहन जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। सभी व्यापारियों एवं परिवहनकर्ताओं से विभागीय नियमों का पालन करते हुए पारदर्शी और वैध तरीके से व्यापारिक गतिविधियां संचालित करने का आग्रह किया गया है।