
जयपुर : अगर आप राजस्थान से बाहर रहते हैं और अपने काम से राजस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं, तो राजस्थान सरकार आपके योगदान को सम्मानित करने जा रही है। सरकार ने ‘प्रवासी राजस्थानी सम्मान पुरस्कार’ के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस सम्मान के तहत देश और विदेश में रहने वाले राजस्थान मूल के ऐसे लोगों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है।
इस पुरस्कार की सबसे खास बात यह है कि चयनित सम्मानित व्यक्ति या संस्था को 2 लाख रुपये की नकद राशि के साथ प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। अगर किसी श्रेणी में दो उम्मीदवार समान रूप से योग्य पाए जाते हैं तो पुरस्कार दोनों के बीच साझा भी किया जा सकता है।
सरकार ने पुरस्कार के लिए कई क्षेत्रों को शामिल किया है। इनमें विज्ञान, कला, व्यापार, प्रोफेशन, खेल, फिल्म, सामाजिक सेवा, उद्योग, साहित्य और संगीत समेत अन्य क्षेत्र शामिल हैं।
विदेशों में रहने वाले राजस्थानियों के लिए राजस्थान की पहचान और प्रतिष्ठा बढ़ाने, राजस्थान के हितों में योगदान देने, प्रवासी राजस्थानी समुदाय और राजस्थान के बीच संबंध मजबूत करने तथा सामाजिक, मानवीय और परोपकारी कार्यों को भी अहमियत दी जाएगी।
वहीं देश के दूसरे राज्यों में रहने वाले राजस्थान मूल के लोगों के राजस्थान के विकास में योगदान, परोपकारी कार्य और अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों को भी पुरस्कार के लिए आधार बनाया जाएगा।
राजस्थान मूल का कोई भी व्यक्ति जो राज्य से बाहर रह रहा है, इस पुरस्कार के लिए पात्र हो सकता है। व्यक्तिगत आवेदक की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष होनी चाहिए।
संस्था या संगठन के मामले में उसका कम से कम 10 वर्षों से पंजीकृत और सक्रिय होना जरूरी है। साथ ही आवेदक ने संबंधित क्षेत्र में कम से कम पिछले पांच वर्षों तक सक्रिय योगदान दिया होना चाहिए।
आवेदन कैसे करें: इच्छुक व्यक्ति राजस्थान फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘Pravasi Rajasthani Samman Awards’ सेक्शन में Click Here to Apply के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 13 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे है।
प्रवासी राजस्थानी सम्मान पुरस्कार — आधिकारिक आवेदन वेबसाइट : https://foundation.rajasthan.gov.in/prsa2025.aspx
पुरस्कार की पूरी प्रक्रिया के लिए राजस्थान फाउंडेशन, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, राजस्थान सरकार को नोडल एजेंसी बनाया गया है। विज्ञापन जारी करने से लेकर आवेदन की जांच और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं राजस्थान फाउंडेशन के माध्यम से पूरी की जाएंगी।
प्राप्त नामांकनों की जांच के बाद चयन समिति योग्य उम्मीदवारों की सिफारिश करेगी। इसके बाद सिफारिश राजस्थान फाउंडेशन की गवर्निंग बॉडी के चेयरमैन के सामने रखी जाएगी और उनका निर्णय अंतिम होगा।
चयनित पुरस्कार विजेताओं को प्रवासी राजस्थानियों के लिए आयोजित औपचारिक समारोह में सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार राशि चेक या डिजिटल माध्यम से दी जाएगी।
अगर आप या आपकी कोई संस्था राजस्थान से बाहर रहकर प्रदेश के लिए उल्लेखनीय काम कर रही है, तो 13 सितंबर 2026 तक आवेदन/नामांकन करना होगा।
यह सम्मान सिर्फ पुरस्कार नहीं, बल्कि देश-दुनिया में राजस्थान की पहचान मजबूत करने वाले लोगों के योगदान को सरकारी स्तर पर पहचान देने की पहल है।