
जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के संकल्प के साथ नगर निगम जयपुर द्वारा संचालित स्वच्छता अभियान एवं ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप 2.0’ के तहत सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से कचरा ,कबाड़ का सामान, गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वार्ड संख्या 87 की भाजपा पार्षद प्रतिभा शर्मा ने स्वेज फार्म स्थित महादेव चौराहे एवं करतारपुरा क्षेत्र में विशेष कार्रवाई करवाते हुए सात लोगों पर कुल 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
कचरा एवं कबाड़ का सामान फैलाने से स्थानीय निवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था
कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित कबाड़ गोदामों में अग्निशमन सुरक्षा के लिए आवश्यक अग्निशमन यंत्र तक उपलब्ध नहीं थे। वहीं, इन गोदामों का अवैध रूप से संचालन किए जाने और आसपास कचरा एवं कबाड़ का सामान फैलाने से स्थानीय निवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सुरक्षा मानकों की अनदेखी से आगजनी जैसी अप्रिय घटनाओं की आशंका भी बनी हुई थी।
कार्रवाई के दौरान वजीर पुत्र इमामी पर 15 हजार रुपये, मोईन पुत्र मोहम्मद अकरम पर 11 हजार रुपये, मोहम्मद जाकिर पुत्र अब्दुल रहमान पर 11 हजार रुपये, फजरूद्दीन पुत्र जुम्मा शाह पर 10 हजार रुपये, मनोज पर 1 हजार रुपये, विक्की पर 2 हजार रुपये तथा उमर फारूख पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इस कार्रवाई में स्थानीय सीएसआई पवन जाजोटर, एसआई अशोक एवं जमादार प्रकाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कचरा फैलाने वालो को कई बार समझाइश देकर सार्वजनिक स्थानों पर कचरा एंव कबाड़ का सामान नहीं फैलाने के लिए चेताया गया, लेकिन बार-बार समझाने के बावजूद नियमों की अवहेलना जारी रहने पर चालान की कार्रवाई की गई।
वार्ड 87 में स्वच्छता व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के साथ पूर्व में भी सख्त रुख अपनाया गया था
उल्लेखनीय है कि वार्ड 87 में स्वच्छता व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के साथ पूर्व में भी सख्त रुख अपनाया गया था। कुछ दिन पहले ही सफाई व्यवस्था को प्रभावित करने एवं सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ 23 हजार रुपये के चालान बनाए गए थे।
इस अवसर पर पार्षद प्रतिभा शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकना,कबाड़ का सामान फैलानाऔर गंदगी फैलाना न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करता है, बल्कि आमजन के स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए भी नुकसानदायक है।