
जयपुर के गलतागेट थाने में कोर्ट के आदेश पर हवामहल से भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है. यह रिपोर्ट मोहम्मद याकूब खान द्वारा दर्ज कराई गई है, जिसमें उन पर अभद्र भाषा का उपयोग करने, धमकाने और एक सेशन जज पर मकान बेचकर जाने का दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं।
आरोप है कि भाजपा विधायक ने अभद्र व धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया
शिकायत के अनुसार, 10 दिसंबर 2025 को विधायक बालमुकुंद आचार्य कथित तौर पर समर्थकों के साथ बास बदनपुरा के मीणा कॉलोनी स्थित न्यायिक अधिकारी (सेशन जज कैडर) मोहम्मद आरिफ के मकान के बाहर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने अभद्र व धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया, क्षेत्र छोड़ने की बात कही और मकान बेचकर कहीं और जाने का दबाव बनाया। शिकायतकर्ता का यह भी दावा है कि घटना से जुड़ा वीडियो/सीसीटीवी फुटेज मौजूद है और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया गया।
कार्रवाई और जांच
पुलिस के अनुसार, पहले शिकायत दर्ज न होने पर परिवादी ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर गलतागेट थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामला वर्तमान विधायक से जुड़ा होने के कारण जांच क्राइम ब्रांच (CID-CB) को सौंपी गई है।