पिछले 16 सालों में मानसून इस साल सबसे पहले पहुंच रहा केरल में मानसून की एंट्री, 28 राज्यों में आंधी-बारिश और गर्मी का रेड अलर्ट
Saturday, 24 May 2025 00:00 am

Golden Hind News

मानसून ने दस्तक दे दी है। इस बार अपने तय वक्त से 8 दिन पहले ही मानसून ने केरल के तट पर दस्तक दे दी। IMD ने इसकी जानकारी दी है। पिछले 16 सालों में मानसून इस साल सबसे पहले पहुंच रहा है। IMD के मुताबिक, "दक्षिण-पश्चिम मानसून आज यानी 24 मई, 2025 को केरल में दस्तक दे चुका है, जबकि सामान्य तिथि 1 जून है। इस प्रकार, दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य तिथि से 8 दिन पहले केरल में दस्तक दे चुका है।"

मानसून ने एक हफ्ते पहले ही केरल में दस्तक दी

16 साल बाद ऐसा हुआ है, जब मानसून ने अपने तय समय से एक हफ्ते पहले ही केरल में दस्तक दी है। इससे पहले साल 2001 और 2009 में मानसून अपने तय समय से पहले ही 23 मई को केरल पहुंचा था। वहीं, बीते साल यानी 2024 में 30 मई को मानसून ने केरल में दस्तक दी थी। बता दें कि मानसून का आगमन फसलों की सिंचाई और भूजल एवं जलाशयों को पुन भरने के लिए महत्वपूर्ण होता है। IMD ने इस बार सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान लगाया है, जो फसलों के लिहाज से काफी अच्छा संकेत है।

इस साल नहीं दिखेगा अल नीनो का असर

मौसम विभाग ने पहले ही साफ कर दिया है कि इस बार अल नीनो की संभावना नहीं है। इसका मतलब यह है कि इस साल बारिश सामान्य से अधिक हो सकती है। 2023 में अल नीनो सक्रिय था, जिससे उस साल मानसून सीजन में औसत से 6% कम बारिश हुई थी। इस स्थिति में समुद्र का तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक हो जाता है। इससे बारिश के पैटर्न में उलटफेर होता है। जहां अधिक बारिश होती है, वहां कम हो जाती है और जहां कम होती है, वहां बढ़ जाती है।

उत्तर भारत में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना

उत्तर भारत में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना दिल्ली-एनसीआर में भी हल्की बारिश हो सकती है और हवा की गति 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।