विपक्षी नेताओं की बड़ी मौजूदगी,

राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा का पटना में समापन, गांधी मैदान से हाईकोर्ट तक पदयात्रा

Rahul Gandhi's 'Voter Rights Yatra'

 बिहार में 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई कांग्रेस की 'वोटर अधिकार यात्रा' का आज पटना में समापन होगा। राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही इस यात्रा में महागठबंधन के कई बड़े नेता शामिल हुए। यात्रा का मकसद लोगों को उनके वोट के अधिकार के बारे में जागरूक करना है। इस मौके पटना में 'इंडिया' गठबंधन के दिग्गज नेताओं का महाजुटान होने लगा है। सभी बड़े नेता खुले वैन में सवार होकर गांधी मैदान स्थित गांधी प्रतिमा से लेकर हाईकोर्ट स्थित अंबेडकर प्रतिमा तक पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ता हाथ में झंडा लेकर फहराते दिखे।

गांधी मैदान में पुलिस बल तैनात 

राहुल तेजस्वी के पहुंचने से पहले भारी मात्रा में पुलिस बल मौके पर तैनात हैं। राहुल-तेजस्वी थोड़ी देर में गांधी मैदान पहुंचेंगे। गांधी मैदान में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पदयात्रा की शुरुआत होगी। जबकि यात्रा का समापन अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर होगा। वहीं अन्य पार्टी के नेता भी गांधी मैदान के लिए निकल गए हैं। भाकमा माले के नेता हाथों में बैनर पोस्टर लेकर गांधी मैदान के लिए रवाना हो गए हैं। थोड़ी देर में गांधी मैदान में विपक्ष नेताओं का महाजुटान होगा। पटना के अलग अलग स्थानों से कार्यकर्ता यात्रा में शामिल होने के लिए निकल गए हैं। 

पटना की सड़कों पर उमड़ी भीड़ 

पटना की सड़कों कांग्रेस राजद के झंडे पोस्टर बैनर से पटे हुए हैं। कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता भारी जोश से नारेबाजी कर रहे हैं। भारी संख्या में लोग मौके पर पहुंच रहे हैं। जानकारी अनुसार राहुल गांधी सुबह 10 बजे दिल्ली से विशेष विमान से पटना पहुंचेंगे। उनके साथ दिल्ली से करीब 100 राष्ट्रीय स्तर के पत्रकार भी बुलाए गए हैं, ताकि इस कार्यक्रम को देशभर में बड़े स्तर पर कवरेज मिल सके।

पदयात्रा का रूट-

यात्रा की शुरुआत गांधी मैदान स्थित गांधी प्रतिमा से होगी।

10:50 बजे महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण।

गेट नंबर-1 से निकलकर एसपी वर्मा रोड, डाकबंगला चौराहा, कोतवाली थाना होते हुए काफिला बेली रोड तक पहुंचेगा।

इनकम टैक्स गोलंबर से होकर यह यात्रा अंबेडकर मूर्ति तक जाएगी।

12:30 बजे अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद यहीं पर 12:40 से 2:30 बजे तक विशाल जनसभा होगी।

इस पदयात्रा का नाम प्रतीकात्मक तौर पर रखा गया है—“गांधी से अंबेडकर”। यह करीब 4 किलोमीटर लंबी यात्रा विपक्षी एकजुटता का बड़ा संदेश देने के लिए है।

कौन-कौन होंगे शामिल

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के साथ मंच साझा करेंगे विपक्षी खेमे के दिग्गज नेता।झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, माले नेता दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी भी मंच पर होंगे।तृणमूल कांग्रेस से सांसद यूसुफ पठान, शिवसेना से संजय राउत, एनसीपी से सुप्रिया सुले भी मंच साझा करेंगी। 

विपक्षी नेता होंगे शामिल

कांग्रेस के बड़े चेहरे भी इस यात्रा में शामिल होंगेष अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, रेवंत रेड्डी, डी. शिवकुमार, केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहेंगे।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम सहित पूरा संगठन इस कार्यक्रम की सफलता में जी-जान से जुटा है। विपक्षी दलों के इतने बड़े नेताओं का एक मंच पर जुटना बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश की राजनीति में एक बड़ा संदेश माना जा रहा है।