जेएलएन अस्पताल में कमियां मिलीं तो तय होगी जिम्मेदारी: विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने दिए सख्त निर्देश
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अस्पताल प्रशासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सभी कमियां निर्धारित समय सीमा में दूर करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यदि व्यवस्थाओं में लापरवाही या कमियां पाई गईं तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने मंगलवार को अजमेर सर्किट हाउस में जेएलएन अस्पताल प्रशासन एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक ली। बैठक में उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, भवन रखरखाव, सफाई व्यवस्था, बिजली, एसी, पार्किंग सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि जेएलएन अस्पताल अजमेर संभाग का सबसे बड़ा अस्पताल है, जहां प्रतिदिन हजारों मरीज उपचार के लिए आते हैं। राज्य सरकार द्वारा अस्पताल को पर्याप्त वित्तीय एवं भौतिक संसाधन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इसके बावजूद यदि मरीजों या उनके परिजनों को असुविधा का सामना करना पड़ता है तो यह गंभीर विषय है और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
हर 15 दिन में होगा संयुक्त निरीक्षण
विधानसभा अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि जेएलएन अस्पताल प्रशासन और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी प्रत्येक 15 दिन में अस्पताल का संयुक्त निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को चिन्हित कर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अस्पताल में स्थित पीडब्ल्यूडी चौकी को 24 घंटे सक्रिय और अलर्ट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरम्मत, बिजली या अन्य तकनीकी समस्या की शिकायत मिलने पर तुरंत समाधान किया जाना चाहिए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुराने भवन की मरम्मत पर विशेष ध्यान
श्री देवनानी ने कहा कि जेएलएन अस्पताल का भवन काफी पुराना है, इसलिए समय-समय पर आवश्यक मरम्मत कार्य किया जाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उपचारात्मक कार्य तत्काल शुरू किए जाएं।
उन्होंने अस्पताल में वार्डों की छतों की वाटरप्रूफिंग के लिए योजना तैयार करने और इसे गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में बंद पड़ी नालियों और नालों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने को कहा।
650 से अधिक एसी की होगी जांच
विधानसभा अध्यक्ष ने अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए लगे एयर कंडीशनरों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में लगे 650 से अधिक एसी में से कितने चालू हैं और कितने खराब हैं, इसकी रिपोर्ट तैयार की जाए। खराब एसी की मरम्मत अथवा आवश्यकता अनुसार उन्हें बदला जाए।
उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में मरीजों और परिजनों को राहत देने के लिए अस्पताल में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
अस्पताल में सफाई व्यवस्था को लेकर मिल रही शिकायतों पर विधानसभा अध्यक्ष ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अस्पताल में 230 से अधिक सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं, इसके बावजूद बार-बार सफाई संबंधी शिकायतें आना गंभीर विषय है।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं होता है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए और आवश्यकता पड़ने पर उसे ब्लैक लिस्ट भी किया जाए।
पार्किंग व्यवस्था सुधारने के निर्देश
श्री देवनानी ने अस्पताल परिसर में पार्किंग व्यवस्था को लेकर मिल रही शिकायतों पर भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को पार्किंग के कारण किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। अव्यवस्थित पार्किंग को तत्काल दुरुस्त किया जाए।
मरीजों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किया जाए और मरीजों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जेएलएन अस्पताल प्रशासन, सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए और अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य किया जाए।
GOLDEN HIND DESK