प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा को समर्पित : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रधानमंत्री के स्नेह एवं मार्गदर्शन से राजस्थान में हो रहा बहुआयामी विकास : मुख्यमंत्री
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘सेवा संकल्प’ अभियान में हर राजस्थानी से भागीदारी की अपील
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का पूरा जीवन एक कर्मयोगी के रूप में जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा है। उनके परिश्रम, दूरदृष्टि और राष्ट्रभक्ति ने भारत की क्षमताओं को नई पहचान दिलाई है। प्रधानमंत्री का जीवन इस बात की प्रेरणा देता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से बड़े से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
प्रधानमंत्री का नेतृत्व नए भारत की नींव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, सुशासन और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में निर्णायक कदम उठा रहा है। गांवों से लेकर शहरों तक विकास की गति तेज हुई है और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं। प्रधानमंत्री के साहसिक नेतृत्व में देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है, स्वदेशी रक्षा क्षमताओं का विकास हो रहा है तथा वैश्विक स्तर पर भारत की विश्वसनीयता और प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई है।
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में विकास की नई राह पर राजस्थान
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजस्थान के प्रति विशेष स्नेह और आत्मीय जुड़ाव है। उनके मार्गदर्शन में राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, राजस्थान रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो फेज-2 से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय प्रदेश के विकास को गति प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जल, ऊर्जा, परिवहन और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में भी राजस्थान को प्रधानमंत्री का निरंतर मार्गदर्शन मिल रहा है। इन प्रयासों से प्रदेश में विकास की नई संभावनाएं साकार हो रही हैं।
युवाओं के सशक्तीकरण के लिए महत्वपूर्ण कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने युवाओं के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। पिछले ढाई वर्षों में 1 लाख 90 हजार पदों पर नियुक्तियां की गई हैं, जबकि 1 लाख 20 हजार अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के लिए 1 लाख 25 हजार पदों का भर्ती कैलेंडर भी जारी किया गया है। इससे युवाओं में राज्य सरकार के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।
हर घर, गांव और शहर में जलेगा आशीर्वाद का दीपक
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन पूरे देश में ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा’ के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने राजस्थानवासियों से प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान और आत्मीयता प्रकट करने के लिए इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे हर घर, गांव और शहर में ‘आशीर्वाद का दीपक’ जलाएं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की धरती पर जलने वाला प्रत्येक दीपक विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प का प्रतीक बने।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से जनसेवा की भावना के साथ इस अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया।
GOLDEN HIND DESK