राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र आज 1 सितंबर 2025 से शुरू होगा

शोक प्रस्ताव के साथ सत्र की शुरुआत, RIMS स्थापना हेतु संशोधन प्रस्ताव होगा पेश

Rajasthan Legislative Assembly

राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र आज सोमवार से शुरू हो रहा है। यह सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं। सत्र में जहां सरकार की भूजल, कोचिंग, रिम्स, महिलाओं को कारखानों में रात को काम करने की छूट देने और मत्स्य अपराधों सहित कई महत्वपूर्ण विधेयक लाने की योजना है।

विधानसभा सत्र के  दौरान पिछले सत्र में पारित विधेयकों का विवरण सदन के पटल पर रखा जाएगा, जिन्हें राज्यपाल की अनुमति प्राप्त हो चुकी है. विधानसभा के प्रमुख सचिव इन विधेयकों को पटल पर रखेंगे. साथ ही, राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय संशोधन अध्यादेश 2025 को भी सदन के सामने प्रस्तुत किया जाएगा, जिसे चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह पटल पर रखेंगे. इसके अलावा, राजस्थान कोचिंग सेंटर नियंत्रण और विनियमन विधेयक 2025 को लेकर प्रवर समिति का प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत किया जाएगा. इस विधेयक से संबंधित दस्तावेजों को उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा सदन में पेश करेंगे.

विधानसभा सत्र में होगी शोकाभिव्यक्ति:
विधानसभा सत्र में शोकाभिव्यक्ति भी होगी. बीते दिनों दिवंगत हुए गणमान्यों को श्रद्धांजलि दी जाएगी. पूर्व राज्यपाल ला. गणेसन, पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक, पूर्व सीएम झारखंड शिबू सोरेन, पूर्व सीएम केरल वी.एस. अच्युतानंदन, पूर्व सीएम गुजरात विजय रुपाणी, पूर्व सांसद गिरिजा व्यास, पूर्व सांसद कर्नल सोनाराम, पूर्व विधायक मदन कौर, पूर्व विधायक सोहन सिंह, पूर्व विधायक किशनाराम नाई को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी. 

सत्तापक्ष : सदन में दिखेगी रणनीति

सत्तापक्ष ने विपक्ष के प्रहार का जवाब देने के लिए रणनीति बना ली है। मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने विधायकों को सदन में विपक्ष की हर आक्रामकता के जवाब की तैयारी करने को कहा हैं।

विपक्ष : चुनाव, महिला अपराध और अतिवृष्टि पर दिखाएगा तेवर

विपक्ष की रणनीति में पंचायत-निकाय और छात्रसंघ चुनाव, एसआई भर्ती, बिजली के स्मार्ट मीटर, अतिवृष्टि से नुकसान, विधायक कोटे की सड़कों में भेदभाव, स्कूली छात्रों की मौत, खाद की कमी और महिलाओं पर अपराध की बढ़ती घटनाएं प्रमुख मुद्दे रहेंगे।