जयपुर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को नींदड वन क्षेत्र में विकसित नींदड बैनाड़ बायोडायवर्सिटी प्रोजेक्ट ईको ट्रेल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के तहत एनिकट पर श्रमदान कर आमजन से जल संरचनाओं के संरक्षण और संवर्धन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नींदड वन क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य और संभावनाओं से भरपूर है। राज्य सरकार इसे सघन पौधारोपण के माध्यम से विकसित करेगी, जिससे प्रकृति पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के तहत प्रदेशभर में एनिकट और अन्य जल संचय संरचनाओं का निर्माण कर वर्षा जल के संरक्षण को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर राज्य सरकार ने इस वर्ष 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सरकार जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियालो राजस्थान और वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान प्रदेश में जनभागीदारी आधारित पर्यावरण संरक्षण की नई मिसाल स्थापित करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नींदड वन क्षेत्र में आमजन के लिए ट्रैक निर्माण सहित अन्य पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं का विकास किया जाए।
प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पारंपरिक प्रकृति पूजा की परंपराओं का निर्वहन करते हुए पीपल वृक्ष का पूजन किया। साथ ही शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। उन्होंने पक्षियों के लिए परिंडे बांधे, महिलाओं को तुलसी के पौधे वितरित किए तथा सफेद चंदन का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।