जयपुर : जयपुर जिले में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से संचालित सक्षम जयपुर अभियान के तहत नारी चौपाल कार्यक्रम महिलाओं के लिए एक प्रभावशाली मंच बनता जा रहा है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इन चौपालों ने महिलाओं को अपनी बात रखने, अपने अधिकारों और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाने का अवसर दिया है।
सोमवार को जोबनेर उपखण्ड में आयोजित नारी चौपाल में हजारों महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया, जिससे कार्यक्रम एक बड़े जन-उत्सव का रूप ले लिया। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश डोगीवाल ने बताया कि कार्यक्रम में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी मृणाल कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर मुकेश कुमार मूंड, और उपखण्ड अधिकारी सर्वेश शर्मा एवं नेहा राठी की उपस्थिति रही। महिलाओं ने आत्मविश्वास, हुनर और नेतृत्व क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम को जीवंत बनाया। मारवाड़ी लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक और आत्मरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई और समाज को जागरूक किया। “हम होंगे कामयाब” और “मेरा काम-मेरा सम्मान” जैसे संदेशों ने महिलाओं में आत्मनिर्भरता की भावना और प्रबल की।
कार्यक्रम में संघ लोक सेवा आयोग से चयनित ज्योति मौर्या ने अपनी प्रेरक यात्रा साझा की और महिलाओं को बड़े सपने देखने व उन्हें साकार करने के लिए प्रोत्साहित किया।
विभिन्न विभागों के अधिकारी—महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, चिकित्सा, पुलिस, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता—ने महिलाओं से सीधे संवाद किया और सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, पोषण और स्वरोजगार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। सहायता काउंटरों के माध्यम से महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेने हेतु मार्गदर्शन और त्वरित सहायता भी प्रदान की गई।
उल्लेखनीय है कि नारी चौपाल कार्यक्रम जयपुर जिले के सभी उपखण्डों में चरणबद्ध रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं जागरूक होकर आत्मनिर्भर बन सकें। जिला प्रशासन का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं को नेतृत्व, कौशल और आत्मविश्वास के साथ समाज में अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस प्रकार नारी चौपाल कार्यक्रम न केवल महिला सशक्तिकरण का मंच बन रहा है, बल्कि यह महिलाओं में आत्मनिर्भरता, कौशल विकास और सामाजिक जागरूकता की भावना को भी प्रबल कर रहा है।
Golden Hind Desk