चंबल रिवर फ्रंट से पर्यटन को नई पहचान

कोटा में हाड़ौती ट्रैवल मार्ट का शुभारम्भ, ओम बिरला बोले– हाड़ौती बनेगा वैश्विक पर्यटन केंद्र

Simple Dark Fashion Bio-Link Website Black and White in Modern Style (35)

कोटा [ जयपुर ] :  लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को कोटा में चम्बल रिवर फ्रंट के शौर्य घाट पर कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए ट्रैवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्होंने हाड़ौती की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने के प्रयासों की सराहना की।

ओम बिरला ने कहा कि हाड़ौती क्षेत्र किलों, बावड़ियों, ऐतिहासिक धरोहरों और धार्मिक आस्था स्थलों से समृद्ध है। चंबल अपने आप में एक प्रमुख आकर्षण है, जहाँ जल और जंगल का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। रिवरफ्रंट, चंबल सफारी, बून्दी का तारागढ़, ऐतिहासिक किले और पारंपरिक मेले-उत्सव पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करते हैं। उन्होंने कहा कि हाड़ौती की विरासत, वीरता की कथाएँ और सांस्कृतिक परंपराएँ इस क्षेत्र को विशिष्ट पहचान देती हैं।

उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों के उन्नयन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। चंबल क्षेत्र में अभयारण्य से जुड़ी अधिसूचनाओं के बाद सफारी गतिविधियों को और सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे पर्यटकों को सुरक्षित और बेहतर अनुभव मिलेगा। उन्होंने ट्रैवल एजेंट्स और होटल उद्योग से आग्रह किया कि वे देशी-विदेशी पर्यटकों को हाड़ौती से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

कोटा होटल फेडरेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि बीते एक वर्ष में हाड़ौती के पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया तक पहुँचाने में सराहनीय कार्य हुआ है। ट्रैवल मार्ट जैसे आयोजन हाड़ौती को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में हर वर्ष ऐसे आयोजनों में देश-विदेश के अधिक ट्रैवल एजेंट्स भाग लेंगे।

समारोह में “मैजिकल हाड़ौती” पुस्तक का विमोचन किया गया तथा जंगल सफारी के लिए कैंटर का भी अनावरण किया गया, जिससे क्षेत्र में इको-टूरिज्म को प्रोत्साहन मिलेगा। समारोह में हीरालाल नागर ने कहा कि ऐसे आयोजनों से पर्यटन क्षेत्र में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रगतिशील नीतियां लागू कर रही है, जिससे पर्यटन विकास के साथ-साथ हरित ऊर्जा को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

संदीप शर्मा ने कहा कि हाड़ौती में जल, जंगल और जमीन का सौंदर्य अद्वितीय है। चंबल नदी के किनारे स्थित गरड़िया महादेव और गैपरनाथ जैसे प्राकृतिक-धार्मिक स्थलों का महत्व शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के प्रयासों से कोटा से हवाई उड़ानों की शुरुआत की दिशा में कार्य प्रगति पर है, जिससे पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी।

लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि आज का पर्यटक अनुभव आधारित पर्यटन चाहता है। हाड़ौती के वेटलैंड्स, कला, चित्रकला और कोटा-बूंदी शैली जैसे अनेक क्षेत्र अब तक अपेक्षाकृत अनछुए रहे हैं। ट्रेवल मार्ट के माध्यम से इन पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे पर्यटकों को हाड़ौती की वास्तविक झलक देखने को मिलेगी। कुमार जयदेव ने कहा कि हाड़ौती राजस्थान का वह हरा-भरा रत्न है, जो चंबल के कारण जीवन और प्रकृति की समृद्ध विरासत को संजोए हुए है। कोटा कोचिंग के साथ-साथ सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर के रूप में भी वैश्विक पहचान दिलाने की अपार संभावनाएं रखता है।

ट्रेवल मार्ट में देश के 26 राज्यों से आए पर्यटन, होटल, ट्रैवल एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े व्यवसायियों ने सहभागिता निभाई तथा विभिन्न स्टॉल्स के माध्यम से अपने उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित कीं। आयोजन समिति की ओर से होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने अतिथियों का स्वागत किया और ट्रैवल मार्ट के आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। समारोह में भव्य आतिशबाजी से रिवरफ्रंट का सौंदर्य और भी नयनाभिराम हो उठा।

उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई। समारोह में केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय के महानिदेशक अरुण श्रीवास्तव, राजस्थान की पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियार, संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल, जिला कलक्टर पीयूष समारिया, केडीए आयुक्त ममता तिवाड़ी, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, सुरेन्द्र सिंह शाहपुरा, रणविजय सिंह, संदीप पाडिया, अनिल मूंदड़ा, अंकुर गुप्ता, संदीप गोहिल भी उपस्थित रहे।