महिलाओं को घर बैठे नियमित आजीविका का अवसर मिल रहा

मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना से 9.35 लाख का मिला ऋण,शुरू किया हस्तशिल्प व्यवसाय

MYSY

मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना (MYSY) के माध्यम से जिले की मुस्कान खत्री ने अपने पारंपरिक हुनर को सफल व्यवसाय में बदलकर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। पारंपरिक राखी एवं हस्तशिल्प निर्माण का हुनर होने के बावजूद सीमित पूंजी के कारण वे इसे व्यावसायिक रूप नहीं दे पा रही थीं। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, फलौदी के मार्गदर्शन में उन्होंने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना (MYSY) के तहत आवेदन किया। योजना के अंतर्गत 9 लाख 35 हजार रुपए का ऋण स्वीकृत हुआ, जिसमें विभाग द्वारा 50 हजार रुपए का मार्जिन मनी अनुदान भी स्वीकृत किया गया।

महिलाओं को घर बैठे नियमित आजीविका का अवसर मिल रहा

वित्तीय सहायता मिलने के बाद मुस्कान ने आधुनिक सिलाई एवं असेंबलिंग मशीनरी स्थापित कर थोक स्तर पर कच्चा माल खरीदना शुरू किया। उन्होंने अपने व्यवसाय को विस्तार देने के साथ-साथ महिला सशक्तीकरण का अनुकरणीय मॉडल भी विकसित किया। वे अन्य महिलाओं को हस्तशिल्प निर्माण का प्रशिक्षण देकर उनके कौशल का विकास करती हैं तथा उन्हें घर पर ही कच्चा माल उपलब्ध करवाकर तैयार उत्पाद प्राप्त करती हैं।

इस पहल से क्षेत्र की 10 महिलाओं को घर बैठे नियमित आजीविका का अवसर मिल रहा है। वर्तमान में मुस्कान थोक स्तर पर तैयार उत्पादों की बिक्री कर लगभग 1 से 1.20 लाख रुपए प्रतिमाह का कारोबार/आय प्राप्त कर रही हैं। मुस्कान का कहना है कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना ने मुझे केवल आत्मनिर्भर व्यवसायी ही नहीं बनाया, बल्कि अन्य महिलाओं को भी घर बैठे स्वावलंबी बनने का सामर्थ्य दिया है।