उदयपुर: मरीजों के साथ रील बनाने वाले डॉक्टर को APO करने पर विवाद, अस्पताल के बाहर भड़का विरोध—पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा
Udaipur News | Golden Hind News
Published On: 01 दिसंबर 2025
उदयपुर के बड़गांव सेटेलाइट अस्पताल में डॉक्टर अशोक शर्मा को मरीजों के साथ इलाज के दौरान रील बनाने के मामले में APO किए जाने पर विवाद गहरा गया है। सोमवार सुबह से ही अस्पताल परिसर के बाहर बड़ी संख्या में मरीज, ग्रामीण और स्थानीय लोग एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल के मुख्य गेट के सामने धरना शुरू कर दिया और आदेश वापस लेने की मांग की।
राजनीतिक दबाव में कार्रवाई का आरोप
स्थानीय लोगों और मरीजों का आरोप है कि डॉ. अशोक शर्मा को राजनीतिक दबाव में हटाया जा रहा है, जबकि वे वर्षों से जरूरतमंदों की सेवा कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि डॉक्टर शर्मा सहज, उपलब्ध और प्रभावी चिकित्सक हैं, जिनके हटने से क्षेत्र के हजारों मरीज प्रभावित होंगे।
शर्मा हाल ही में इलाज के दौरान मरीजों के साथ रील बनाते हुए देखे गए थे, जिसके वायरल होने के बाद प्रशासन ने उन्हें APO कर दिया था।
अस्पताल के बाहर तनावपूर्ण माहौल
आज डॉ. शर्मा को बड़गांव सेटेलाइट अस्पताल से रिलीव किया जाना था, लेकिन समर्थकों ने विरोध जताते हुए कहा कि जब तक आदेश वापस नहीं होगा, धरना जारी रहेगा। कई महिलाओं ने कहा कि "डॉक्टर साहब हमेशा संकट में साथ खड़े मिले हैं। शिकायतें कुछ प्रभावशाली लोगों की हैं, जिनके कारण साधारण जनता को परेशानी हो रही है।"
प्रशासन व पुलिस की समझाइश
भीड़ बढ़ने की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों से शांत रहने की अपील की और बताया कि APO संबंधित आदेश विभाग स्तर पर जारी हुआ है और आगे का निर्णय उच्च स्तर पर लिया जाएगा। अस्पताल परिसर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
डॉ. शर्मा भी धरने में शामिल
डॉ. अशोक शर्मा खुद धरने पर बैठे लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने कहा,
“मैं प्रशासनिक निर्णय का सम्मान करता हूं, लेकिन जनता का स्नेह मेरे लिए सबसे बड़ी पूंजी है।”
धरने पर बैठे लोग स्पष्ट कर चुके हैं कि वे तब तक विरोध जारी रखेंगे, जब तक डॉक्टर अशोक शर्मा को APO करने का आदेश वापस नहीं ले लिया जाता।