महिला दिवस पर रोडवेज में महिलाओं को मुफ्त यात्रा

महिला दिवस पर राजस्थान रोडवेज में महिलाओं-बालिकाओं को मुफ्त यात्रा, 8 मार्च को मिलेगी सुविधा

khagrdlbv  (18)

झालावाड़: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को महिलाओं और बालिकाओं को राजस्थान रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।

इसके लिए रोडवेज प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और ड्राइवर-कंडक्टरों को निर्देश जारी किए गए हैं।

रोडवेज के आदेश के अनुसार 8 मार्च को रात 12 बजे से रात 11:59 बजे तक महिलाएं और बालिकाएं राज्य की सीमा के भीतर रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। यात्रियों को ईटीआईएम मशीन या टिकट बुक से टिकट जारी किए जाएंगे, जिन पर “महिला/बालिका यात्री” अंकित होगा।

हालांकि यह सुविधा एसी, वोल्वो और ऑल इंडिया परमिट वाली बसों में लागू नहीं होगी।

झालावाड़ रोडवेज डिपो के मुख्य प्रबंधक पवन कुमार सैनी ने बताया कि महिलाओं को यात्रा में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं। जिले में रोडवेज की 55 शेड्यूल बसों से प्रतिदिन करीब 14 से 15 हजार यात्री सफर करते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहती हैं।

उन्होंने बताया कि सामान्य दिनों में महिलाओं को 50 प्रतिशत किराए की रियायत मिलती है, लेकिन 8 मार्च को उनकी यात्रा पूरी तरह मुफ्त रहेगी, जबकि पुरुष यात्रियों को पूरा किराया देना होगा।

रोडवेज प्रशासन / झालावाड़ रोडवेज डिपो