राजस्थान में बढ़ेगा तापमान, 8–10 मार्च के बीच 40°C तक पहुंच सकता है पारा

राजस्थान में अगले दो हफ्ते हीटवेव का खतरा, कई शहरों में तापमान 35°C पार

khagrdlbv  (3)

राजस्थान : राजस्थान में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य के कई शहरों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और मौसम विभाग ने अगले दो सप्ताह में हीटवेव चलने की संभावना जताई है।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार गुरुवार को प्रदेश के 15 से अधिक शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। भीलवाड़ा, अलवर, पिलानी और कोटा समेत कई शहरों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखी गई।

पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में आसमान साफ रहा और सुबह से ही तेज धूप के कारण दिनभर गर्मी महसूस की गई।

उदयपुर, श्रीगंगानगर, पिलानी, फलोदी, कोटा, जोधपुर, जैसलमेर, चूरू, चित्तौड़गढ़, बीकानेर और बाड़मेर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

कई जिलों में रात का तापमान 20°C से नीचे

बीकानेर, हनुमानगढ़, जयपुर, जालौर, जोधपुर और फलोदी को छोड़कर अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

वहीं अलवर, बारां, भीलवाड़ा, करौली और सिरोही में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज किया गया।

अगले सप्ताह और बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह में राज्य के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और तेज धूप के साथ पश्चिमी जिलों में हल्की गर्म हवाएं चलने की संभावना है।

8 से 10 मार्च के बीच 40°C तक पहुंच सकता है पारा

मौसम विभाग ने बताया कि अरब सागर में बने एंटी साइक्लोन के कारण प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री ज्यादा रह सकता है।

ऐसे में 8 से 10 मार्च के बीच कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

Meteorological Centre Jaipur