20 किमी का रोड शो, CMS में सम्मान समारोह, एस्ट्रोनॉट बनकर बच्चों ने किया स्वागत

अंतरिक्ष यात्रा से लौटे शुभांशु शुक्ला के स्वागत के लिए लखनऊ में उमड़ी लोगों की भीड़

Crowds gathered in Lucknow to welcome Shubhanshu Shukla

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सोमवार शुभांशु मय हो गई. लखनऊ के शुभांशु शुक्ला 25 जून को अंतिरक्ष यात्रा पर Axiom Mission 4 के तहत गए थे. करीब 20 दिन बाद शुभांशु 15 जुलाई को धरती पर लौटे थे. करीब एक साल बाद स्वतंत्रता दिवस-2025 के दो दिन बाद यानी 17 अगस्त को वे अपने वतन भारत पहुंचे और आज यानी सोमवार 25 अगस्त को करीब 9 बजे वे लखनऊ पहुंच गए हैं. देश को गौरव का क्षण दिलाने वाले शुभांशु के उनके अपने शहर आगमन पर लोगों में जबरदस्त उत्साह है. शुभांशु की सफलता का जश्न मनाने के लिए आम लोगों के साथ यूपी सरकार ने भी पूरी तैयारी की है. सुबह स्कूली बच्चे और शाम को यूपी सरकार उनका सम्मान करेगी. लखनऊ एयरपोर्ट पर स्कूल के बच्चों ने Astronaut बनकर शुभांशु शुक्ला का स्वागत किया. इसके साथ ही यूपी सरकार के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल समेत कई नेताओं ने उनका स्वागत किया. बता दे कि शुभांशु शुक्ला भारत के दूसरे अंतरिक्ष यात्री हैं. पहले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा थे.

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया स्वागत

 "आज लखनऊ के लिए बहुत बड़ा दिन है...हमने शुभांशु शुक्ला का स्वागत किया है...यह हमारे लिए अद्भुत क्षण है..."  ब्रजेश पाठक ने भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के लखनऊ हवाई अड्डे पर आगमन पर कहा, "शुभांशु शुक्ला के आगमन का पूरा लखनऊ सब पलके बिछाकर इंतजार कर रहा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में जिस ढंग से भारत ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक ऊंचाई को छुआ है। अपने लाल का हम सब स्वागत करने के लिए आह्लादित है और शुभांशु शुक्ला ने दुनिया को रास्ता दिखाने का काम किया है। ऐसे अवसर पर यूपी सरकार ने भी उनके सम्मान में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया है। शहर के विभिन्न जगहों पर उनके सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं.. 

शुभांशु शुक्ला की बहन ने कहा

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के लखनऊ आगमन से पहले, उनकी बहन ने कहा, "मैं बहुत खुश और उत्साहित हूँ। हम इस दिन का लंबे समय से इंतज़ार कर रहे थे। वह आखिरकार लखनऊ आ रहे हैं... यह सबसे बड़ी उपलब्धि है। सभी बच्चे और पूरा लखनऊ उनका स्वागत करने के लिए मौजूद होगा। इससे बड़ी खुशी की कोई बात नहीं हो सकती। लोग उन्हें बहुत प्यार दे रहे हैं और वह बच्चों को प्रेरित कर रहे हैं..."

परिवार ने बताया गौरव का क्षण
शुभांशु के परिवार ने जी मीडिया से एक्सक्लूसिव बातचीत में मां आशा शुक्ला और पिता शंभू दयाल शुक्ला ने बताया कि यह उनके लिए सबसे बड़ा गौरव का दिन होगा जब दुनिया में देश का नाम रोशन करने के बाद शुभांशु पहली बार अपने घर आएंगे और पूरा शहर उनके स्वागत के लिए मौजूद रहेगा.

 लोकभवन में होगा सम्‍मान 
इसके बाद अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्‍ला दोपहर 12:00 सीएमएस स्कूल ऑडिटोरियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. शाम 3:30 सीएम योगी आदित्यनाथ से शुभांशु की मुलाकात होगी. इसके बाद शाम 4:00 बजे लोक भवन में शुभांशु शुक्ला का सम्मान समारोह किया जाएगा. इसके बाद वह अपने घर चले जाएंगे. बता दें कि शुभांशु शुक्‍ला पिछले दिनों अमेरिका से नई दिल्‍ली लौटे थे. इस दौरान उन्‍होंने पीएम मोदी से भी मुलाकात की थी. अब वह लखनऊ आ रहे हैं.