SKIT कॉलेज जयपुर को बम से उड़ाने की धमकी

जयपुर के जगतपुरा स्थित SKIT कॉलेज को ई-मेल से बम धमकी, कैंपस खाली; पुलिस-बम स्क्वॉड ने संभाला मोर्चा

जयपुर :जगतपुरा स्थित स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान (SKIT) कॉलेज को बुधवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद कॉलेज में हड़कंप मच गया। कॉलेज प्रशासन ने सभी छात्र और स्टाफ को कैंपस से बाहर निकाला है। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और बम निरोधक दस्ता सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंच पूरे कैंपस में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। दरअसल ई-मेल में कॉलेज में आरडीएक्स बम लगाए जाने और तय समय पर विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। एहतियात के तौर पर कॉलेज को पूरी तरह खाली कराकर हर बिल्डिंग और संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल कैंपस में किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर जांच जारी है। साथ ही धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

ईमेल में यह लिखा है

प्रिंसिपल साहब तमिलनाडु के कॉन्स्टेबलों को DMK कार्यकर्ताओं के कपड़े और गंदे बर्तन साफ करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। कई लोगों ने बेइज्जती और बदतमीजी झेली है। इसलिए आज आपके कॉलेज को टारगेट किया है। ताकि इस प्रैक्टिस के खिलाफ एक बयान दिया जा सके और कॉन्स्टेबलों के लिए तमिलनाडु में 1979 के नाम यूनियन की सिफारिशों को लागू किया जा सके। हमारे पास अपनी मांगें सुनने का कोई और तरीका नहीं है, सॉरी।