मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रवासी राजस्थानी दिवस विश्वभर में बसे राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने और प्रदेश की विकास यात्रा में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। आगामी 10 दिसम्बर को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश की समृद्ध विरासत और विकास की संभावनाओं से रूबरू होने का मौका मिलेगा।
प्रवासी राजस्थानी दिवस के आयोजन को लेकर बैठक
मुख्यमंत्री शुक्रवार को प्रवासी राजस्थानी दिवस (10 दिसम्बर) के आयोजन की तैयारियों के संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने संबंधित विभागों को इस आयोजन को सफल बनाने के लिए समय से सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उत्कृष्ट उपलब्धियों एवं अभूतपूर्व योगदान के लिए प्रवासी राजस्थानियों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के तहत आयोजित होने वाले सेक्टोरल सेशन्स के सम्पूर्ण थीम की जानकारी लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसे प्रभावी तरीके से आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि विगत तीन वर्षों में प्रदेश के पानी, बिजली, पर्यटन, उद्योग, राष्ट्रीय राजमार्ग, हवाई सेवा, रेल, जल संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों और भविष्य की संभावनाओं को प्रवासी राजस्थानी दिवस में आकर्षक एवं रोचक तरीके से प्रस्तुत किया जाए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में हर वर्ष 10 दिसम्बर को प्रवासी राजस्थानी दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सामाजिक कार्यों में प्रवासी राजस्थानियों द्वारा दिए गए सहयोग को प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को इस आयोजन को सफल बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने 8 दिसम्बर को शेखावाटी हेरिटेज मीट के आयोजन के संबंध में भी आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में हर वर्ष 10 दिसम्बर को प्रवासी राजस्थानी दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसी कड़ी में दूसरा प्रवासी राजस्थानी दिवस आगामी 10 दिसम्बर को आयोजित किया जा रहा है। आगामी 8 दिसम्बर को झुंझुनूं के खेतड़ी स्थित अभयगढ़ में शेखावाटी हेरिटेज मीट और 10 दिसम्बर को जयपुर के जेईसीसी में प्रवासी राजस्थानी दिवस कार्यक्रम आयोजित होगा।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) अखिल अरोड़ा, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, राजस्थान फाउंडेशन सहित संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।