15 अगस्त से राज्यव्यापी झाड़ू बंद आंदोलन की चेतावनी

वाल्मीकि समाज का मुख्यमंत्री आवास घेराव का प्रयास, भर्ती और अलग आरक्षण समेत 11 मांगों को लेकर प्रदर्शन किया

valmiki samaj ka mukhyamantri awas gheraw

अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ने शहीद स्मारक पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया, प्रदेशभर से बड़ी संख्या में सफाई कर्मी और वाल्मीकि समाज के लोग इस प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में झाड़ू लेकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने का प्रयास किया। पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोक लिया। समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। प्रतिनिधिमंडल ने डीएलबी निदेशक को मांगों का ज्ञापन सौंपा। 

15 अगस्त को प्रदेशभर में राज्यव्यापी झाड़ू बंद आंदोलन की चेतावनी

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष किशनलाल जैदिया ने बताया- उनकी प्रमुख मांगों में सफाई कर्मचारियों की भर्ती और वाल्मीकि समाज को अलग से आरक्षण शामिल है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर 15 अगस्त को प्रदेशभर में राज्यव्यापी झाड़ू बंद आंदोलन किया जाएगा।

जैदिया के अनुसार भजनलाल सरकार ने कई बार आश्वासन दिया है। लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। संगठन ने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संज्ञान नहीं लेने पर आंदोलन व्यापक रूप ले सकता है।