कांग्रेस ने युवाओं के साथ किया धोखा, हमारी कार्रवाई से खुल रही पोल : CM भजनलाल शर्मा

SI भर्ती परीक्षा 2021 रद्द होने के बाद सीएम भजनलाल शर्मा का बड़ा बयान

bhajan lal sharma on si bharti

जयपुर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने टोडारायसिंह में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के युवाओं के साथ बड़ा धोखा किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने सरकारी भर्तियों में हुए पेपरलीक और फर्जीवाड़ों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है, जिससे पूर्ववर्ती सरकार के भ्रष्टाचार की कलई खुल रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि “यह एसआई भर्ती वर्ष 2021 की थी, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने 2023 तक कोई कार्रवाई नहीं की। युवाओं को धोखा देकर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया।”

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के गठन के साथ ही 16 दिसंबर को एसआईटी का गठन किया गया, जिसके आधार पर एसओजी ने 56 ट्रेनी एसआई और कई दोषियों को गिरफ्तार किया। यही कार्रवाई आज हाईकोर्ट के फैसले की बुनियाद बनी।

भजनलाल शर्मा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के नेताओं को चिंता करने की जरूरत नहीं है क्योंकि जांच अब पूर्व मुख्यमंत्री के पीएसओ तक पहुंच चुकी है और आने वाले समय में और भी “मगरमच्छ” पकड़े जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि “हमारी सरकार में पिछले डेढ़ साल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। हम पूरी पारदर्शिता से परीक्षाएं आयोजित कर युवाओं को समय पर नौकरियां दे रहे हैं। इसके लिए पूरे वर्ष का परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया गया है।”