अयोध्या में यूपी स्टेट इनडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में आशीष सिंह को गोल्ड

गाजीपुर के आशीष सिंह ने जीता स्वर्ण पदक, राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

khagrdlbv  (4)

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के मरदह निवासी आशीष सिंह ने अयोध्या में आयोजित प्रथम यूपी स्टेट इनडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इस जीत के साथ ही उन्होंने आगामी राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जहां वे उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

आशीष सिंह ने अंडर-20 आयु वर्ग की शॉट पुट (गोला फेंक) स्पर्धा में हिस्सा लिया था। अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने पहला स्थान हासिल करते हुए स्वर्ण पदक जीता। अब वह ओडिशा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

चार वर्षों से कर रहे नियमित अभ्यास

आशीष सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय बरेली स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) केंद्र में पिछले चार वर्षों से किए जा रहे नियमित अभ्यास को दिया। उन्होंने अपने माता-पिता के सहयोग और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को भी अपनी सफलता का अहम कारण बताया।

आशीष के अनुसार उन्हें बचपन से ही खेलों में रुचि थी और स्कूल के दिनों से ही उन्होंने एथलेटिक्स में आगे बढ़ने का सपना देखा था।

परिवार में खुशी का माहौल

जैसे ही आशीष सिंह की स्वर्णिम सफलता की खबर उनके पैतृक गांव मरदह (गाजीपुर) पहुंची, परिवार और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

उनके पिता अनिल सिंह, जो पेशे से किसान हैं, और माता रिंकू सिंह, जो गृहणी हैं, ने बेटे की इस उपलब्धि पर गर्व जताया। इस अवसर पर उनके भाई अमित सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्य और शुभचिंतकों ने आशीष के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Sports Authority of India (SAI) Centre Bareilly