जयपुर नगर निगम चुनाव: दूसरे चरण के मतदान के लिए आज रवाना होंगे मतदान दल, 2,256 केंद्रों पर 24.18 लाख मतदाता डालेंगे वोट
जयपुर में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के मतदान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में 11 सितंबर 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान को लेकर मतदान दलों की रवानगी 10 सितंबर को दो पारियों में श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सीकर रोड, जयपुर से की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक के निर्देश पर मतदान दलों के प्रशिक्षण, चुनाव सामग्री वितरण और वाहनों की व्यवस्था की गई है। पहली पारी में सुबह 7 बजे और दूसरी पारी में सुबह 11 बजे मतदान दलों को रवाना किया जाएगा।
2,256 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में कुल 2,256 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 2,204 मुख्य मतदान केंद्र और 52 सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 827 मतदान भवन निर्धारित किए गए हैं।
इन मतदान केंद्रों पर कुल 24 लाख 18 हजार 264 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 12 लाख 56 हजार 187 पुरुष, 11 लाख 61 हजार 986 महिला और 91 अन्य मतदाता शामिल हैं।
इन क्षेत्रों के मतदान दल पहले होंगे रवाना
मतदान दलों की रवानगी दो चरणों में होगी। पहली पारी में सुबह 7 बजे बगरू, सांगानेर, विद्याधर नगर, झोटवाड़ा और हवामहल निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान दल रवाना होंगे।
वहीं, दूसरी पारी में सुबह 11 बजे मालवीय नगर, आदर्श नगर, किशनपोल, सिविल लाइन्स और आमेर निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान दलों को रवाना किया जाएगा।
किस क्षेत्र में कितने मतदाता और मतदान केंद्र
- विद्याधर नगर: 22 वार्ड, 298 मतदान केंद्र, 3,59,546 मतदाता
- झोटवाड़ा: 15 वार्ड, 243 मतदान केंद्र, 2,42,645 मतदाता
- सांगानेर: 21 वार्ड, 329 मतदान केंद्र, 3,66,775 मतदाता
- बगरू: 14 वार्ड, 264 मतदान केंद्र, 2,62,457 मतदाता
- मालवीय नगर: 15 वार्ड, 192 मतदान केंद्र, 1,99,530 मतदाता
- सिविल लाइन्स: 16 वार्ड, 234 मतदान केंद्र, 2,44,853 मतदाता
- किशनपोल: 12 वार्ड, 176 मतदान केंद्र, 1,94,478 मतदाता
- आदर्श नगर: 17 वार्ड, 237 मतदान केंद्र, 2,35,822 मतदाता
- हवामहल: 15 वार्ड, 241 मतदान केंद्र, 2,64,605 मतदाता
- आमेर: 3 वार्ड, 42 मतदान केंद्र, 47,553 मतदाता
पांच केंद्रों पर प्रशिक्षण और सामग्री वितरण
मतदान दलों के प्रशिक्षण और चुनाव सामग्री वितरण के लिए कुल पांच टेस्ट/प्रशिक्षण केंद्र निर्धारित किए गए हैं। बगरू और मालवीय नगर के लिए टेस्ट नंबर 1, सांगानेर और आदर्श नगर के लिए टेस्ट नंबर 2, विद्याधर नगर और किशनपोल के लिए टेस्ट नंबर 3, झोटवाड़ा और सिविल लाइन्स के लिए टेस्ट नंबर 4 तथा हवामहल और आमेर के लिए टेस्ट नंबर 5 निर्धारित किया गया है।
मतदान दलों के लिए बैठने, प्रशिक्षण लेने और चुनाव सामग्री प्राप्त करने की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। संबंधित प्रकोष्ठों और ईआरओ/आरओ स्टाफ को चुनाव सामग्री वितरण की जिम्मेदारी दी गई है।
मतदान दलों के लिए पार्किंग की व्यवस्था
मतदान दलों के वाहनों के लिए भी अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। बगरू के लिए पार्किंग नंबर 4, मालवीय नगर के लिए नंबर 3, सांगानेर के लिए नंबर 2 और आदर्श नगर के लिए नंबर 3 निर्धारित है।
वहीं विद्याधर नगर, किशनपोल, झोटवाड़ा, सिविल लाइन्स, हवामहल और आमेर के मतदान दलों के लिए पार्किंग नंबर 1, आईटीआई कॉलेज के सामने निर्धारित की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदान दलों की रवानगी के दौरान प्रशिक्षण, चुनाव सामग्री वितरण, वाहन और पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। प्रशासन का लक्ष्य मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, स्वतंत्र, सुचारू और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।
GOLDEN HIND DESK